न्यू केयर हॉस्पिटल में डिलीवरी के ऑपरेशन के बाद बिगड़ी हालत, 8 महीने की जद्दोजहद के बाद महिला की मौत!
कैली हॉस्पिटल में अल्ट्रासाउंड के दौरान पेट में दिखा संदिग्ध सामान, ऑपरेशन में गौज पट्टी मिलने का पति ने लगाया आरोप; पोस्टमार्टम से खुलेगा मौत का राज
संतकबीरनगर। मेहदावल स्थित न्यू केयर हॉस्पिटल में बच्चे के जन्म के लिए हुए ऑपरेशन के बाद 38 वर्षीय महिला की तबीयत बिगड़ने और करीब आठ महीने तक इलाज चलने के बाद मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान विनिता देवी के रूप में हुई है। 28/29 अगस्त की मध्यरात्रि करीब 12:30 बजे घर पर उनकी मौत हो गई, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों के अनुसार, 1 जनवरी 2026 को विनिता देवी का न्यू केयर हॉस्पिटल में ऑपरेशन के जरिए प्रसव कराया गया था। पति हरिगोविन्द का कहना है कि ऑपरेशन के बाद से ही उनकी पत्नी की तबीयत लगातार खराब रहने लगी। हालत बिगड़ने पर उनका इलाज कैली हॉस्पिटल, बस्ती में भी कराया गया।
पति के मुताबिक, कैली हॉस्पिटल में अल्ट्रासाउंड के दौरान महिला के पेट में कोई संदिग्ध वस्तु दिखाई देने की बात सामने आई। इसके बाद ऑपरेशन किए जाने पर पेट के अंदर गौज पट्टी जैसी वस्तु मिलने का आरोप लगाया गया। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
27 अगस्त को महिला को अस्पताल से घर लाया गया था। इसके बाद 28/29 अगस्त की रात उनकी मौत हो गई। मामले को लेकर पति हरिगोविन्द ने बेलहरकला थाने में प्रार्थना पत्र देकर शव के पोस्टमार्टम की मांग की।
पुलिस ने पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले को अप्राकृतिक मृत्यु/मर्ग के रूप में दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
अब सवाल यह है कि महिला की मौत की असली वजह क्या थी? क्या ऑपरेशन के बाद हुई परेशानी और कथित रूप से मिली गौज पट्टी का मौत से कोई संबंध था, या फिर वजह कुछ और थी? इन तमाम सवालों का जवाब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।