सार्वजनिक नाली बंद करने का आरोप, ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से लगाई गुहार
संत कबीर नगर के खलीलाबाद में सार्वजनिक नाली बंद किए जाने को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्राम भेलवासी थाना कोतवाली खलीलाबाद निवासी संतराम पुत्र मुन्नीलाल एवं लक्ष्मण का आरोप है कि करीब 30 वर्ष पहले ग्राम सभा की ओर से सार्वजनिक नाली का निर्माण कराया गया था।
इसी नाली के माध्यम से ग्रामीणों और आसपास के लोगों के घरों से पानी का निकास होता रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि 17 अगस्त 2026 को गांव के ही कुछ लोगों ने एकजुट होकर सार्वजनिक नाली में मिट्टी डालकर उसका रास्ता अवरुद्ध कर दिया।
नाली बंद होने से पानी की निकासी प्रभावित हो गई है और ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि मामले को लेकर उन्होंने थाना कोतवाली खलीलाबाद के थाना प्रभारी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की।
आरोप है कि शिकायत के बावजूद विपक्षी पक्ष द्वारा नाली में पक्का निर्माण कराने की बात कही गई।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि 18 अगस्त को कुछ लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
मामले को लेकर ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से शिकायत कर सार्वजनिक नाली से मिट्टी हटवाकर पानी की निकासी बहाल कराने तथा पूरे मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।