चेंबर निर्माण रुकने से भड़के अधिवक्ता, डीएम कार्यालय पर किया प्रदर्शन; मांगें पूरी न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी
संत कबीर नगर के खलीलाबाद में अधिवक्ताओं ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं का आरोप है कि तहसील परिसर में उनके चेंबर का निर्माण कार्य पिछले करीब 20 दिनों से बंद पड़ा है, जिससे अधिवक्ताओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय के गेट पर नारेबाजी की और डीएम मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। इसके साथ ही अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में महिला अधिवक्ताओं एवं महिलाओं के लिए पर्याप्त शौचालय की व्यवस्था नहीं होने का मुद्दा भी उठाया।
अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी के सामने चेंबर निर्माण जल्द शुरू कराने और महिलाओं के लिए शौचालय की व्यवस्था कराने की मांग रखी। इस पर जिलाधिकारी ने अधिवक्ताओं को आश्वासन दिया कि करीब 20 दिनों के बाद चेंबर निर्माण का कार्य दोबारा शुरू करा दिया जाएगा।
साथ ही महिलाओं के लिए शौचालय की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों को निर्धारित समय में पूरा नहीं किया गया तो वे उग्र प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे। अधिवक्ताओं ने कहा कि जरूरत पड़ने पर जिलाधिकारी कार्यालय के गेट और अन्य कार्यालयों पर भी तालाबंदी की जाएगी।
अब देखना होगा कि प्रशासन के आश्वासन के बाद चेंबर निर्माण और शौचालय की समस्या का समाधान कितनी जल्दी होता है।