चित्रकूट में डायट प्राचार्य ने किया कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय एवं 10 परिषदीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) शिवरामपुर, चित्रकूट के प्राचार्य बी.के. शर्मा द्वारा आज दिनांक 10.09.2026 को पहाड़ी विकासखण्ड के अंतर्गत 01 कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय चकौंध एवं 10 परिषदीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य विद्यालयों की शैक्षणिक गुणवत्ता, भौतिक परिवेश और व्यवस्थाओं का जायजा लेना था।
निरीक्षण की शुरुआत ई.एम.पी.वि. चकौंध से हुई, जहाँ प्रातः 08:30 से 08:47 बजे तक निरीक्षण के दौरान 103 के सापेक्ष 77 छात्र उपस्थित पाए गए तथा पठन-पाठन सुचारू रूप से संचालित मिला। शिक्षकों की उपस्थिति शत-प्रतिशत रही, विद्यालय का माहौल अच्छा था और निरीक्षण के समय एस.एम.सी. अध्यक्ष भी उपस्थित रहे, जिन्हें प्राचार्य महोदय द्वारा स्वयं कक्षा कक्ष में जाकर शिक्षण कार्य किया। इसके उपरांत, उच्च प्राथमिक विद्यालय चकौंध का निरीक्षण प्रातः 09:00 से 09:20 बजे तक किया गया, जिसमें 108 के सापेक्ष 63 छात्र उपस्थित मिले और शिक्षकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई तथा बच्चों का यूनिट टेस्ट चल रहा था।
प्राथमिक विद्यालय चकजाफर का निरीक्षण प्रातः 09:35 से 09:45 बजे तक किया गया, जहाँ 105 के सापेक्ष 65 छात्र उपस्थित मिले, शिक्षकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति के साथ शिक्षण कार्य हो रहा था, हालांकि परिसर में एक भवन जर्जर खड़ा है जिसका अभी तक ध्वस्तीकरण नहीं हुआ है। इसके बाद, उच्च प्राथमिक विद्यालय इटौरा का निरीक्षण प्रातः 10:00 से 10:22 बजे तक किया गया, जिसमें 169 के सापेक्ष 102 छात्र उपस्थित मिले और समस्त स्टाफ शिक्षण कार्य करते पाए गए। विद्यालय का शैक्षिक परिवेश आकर्षक था और प्राचार्य द्वारा स्वयं कक्षा कक्ष में शिक्षण कार्य भी कराया गया।
प्राथमिक विद्यालय इटौरा का निरीक्षण प्रातः 10:30 से 11:05 बजे तक किया गया, जहाँ 140 के सापेक्ष 83 छात्र उपस्थित मिले, शिक्षकों की उपस्थिति शत-प्रतिशत व पठन-पाठन सुचारू पाया गया। प्रधानाध्यापक अनिरुद्ध सिंह बी.आर.सी. पर ऑडिट कराने गए थे, उपस्थिति पंजीका में हस्ताक्षर सही पाए गए परंतु पत्र व्यवहार पंजीका में दिनांक रहित सूचना अंकित और हस्ताक्षर में भिन्नता पाई गई। परिसर में बालक-बालिकाओं हेतु मूत्रालय व शौचालय की व्यवस्था नहीं थी तथा गेहूं भीगने के कारण एमडीएम की जांच करते हुए पाया गया कि मीनू के अनुसार रोटी-सब्जी के स्थान पर दाल-चावल बनाया गया था, जिसे प्राचार्य द्वारा विद्यालय में बच्चों के साथ बैठकर भोजन भी ग्रहण किया गया।
पी.एम. श्री कम्पोजिट विद्यालय अशोह का निरीक्षण पूर्वाह्न 11:45 से 12:30 बजे तक किया गया, जिसमें 353 के सापेक्ष 231 छात्र उपस्थित मिले और शिक्षकों की उपस्थिति शत-प्रतिशत पाई गई। एम.डी.एम. पंजीका (प्राथमिक स्तर) में कल दिनांक 09.09.2026 की कोई प्रविष्टि नहीं पाई गई, और प्रधानाध्यापक नवल सिंह द्वारा बताया गया कि वे बीएसए बैठक में गए थे तथा प्रभार मुहम्मद तुफैल (सहायक अध्यापक) को देकर गए थे, जिनकी यह घोर उदासीनता पाई गई।
प्रधानाध्यापक कक्ष में सामान अस्त-व्यस्त मिला, 15 कक्षा-कक्ष जर्जर स्थिति में हैं, लीडरशिप का अभाव देखा गया और विद्यालय में शैक्षिक परिवेश संतोषजनक न मिलने पर बरसात के बाद वालपेंटिंग कराने के निर्देश दिए गए। प्राथमिक विद्यालय पांडेय पुरवा अशोह का निरीक्षण दोपहर 12:40 से 01:05 बजे तक हुआ, जहाँ 78 के सापेक्ष 63 छात्र उपस्थित रहे, उमेश कुमार द्विवेदी (शिक्षा मित्र) बिना सूचना के अनुपस्थित पाए गए तथा विद्यालय में बाउंड्री वॉल उपलब्ध नहीं है।
दोपहर के सत्र में, उच्च प्राथमिक विद्यालय बाबूूपुर का निरीक्षण दोपहर 01:30 से 01:40 बजे तक किया गया, जिसमें 59 के सापेक्ष 47 छात्र उपस्थित पाए गए तथा शिक्षकों की उपस्थिति शत-प्रतिशत व पठन-पाठन सुचारू मिला। इसके तुरंत बाद प्राथमिक विद्यालय बाबूूपुर का निरीक्षण दोपहर 01:45 से 01:55 बजे तक हुआ, जहाँ 75 के सापेक्ष 55 छात्र और शत-प्रतिशत शिक्षक उपस्थित मिले तथा पठन-पाठन सुचारू रूप से चलता पाया गया।
प्राथमिक विद्यालय लालनपुरवा का निरीक्षण दोपहर 02:05 से 02:30 बजे तक किया गया, जिसमें 49 के सापेक्ष 32 छात्र उपस्थित मिले। यहाँ पाया गया कि संध्या यादव शिक्षामित्र लगातार 4 वर्षों से अनुपस्थित चल रही हैं, शेष शिक्षकों की उपस्थिति शत-प्रतिशत व पठन-पाठन सुचारू था। विद्यालय परिसर में पानी की व्यवस्था नहीं है और ऊपर से 11000 वोल्टेज की विद्युत तार जा रही है जिसे छात्र हित में हटाना अति आवश्यक है।
अंत में, कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय चकौंध का निरीक्षण दोपहर 02:50 से 03:30 बजे तक किया गया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि अर्चना (शिक्षिका) अनुपस्थित पाई गई हैं, शेष शिक्षिकाओं की उपस्थिति शत-प्रतिशत तथा वार्डन अवकाश पर थीं। प्रधानाचार्य निर्धारित समय 02:30 बजे विद्यालय के निर्धारित समय पर जा चुकी थीं, शिक्षक डायरी विभाग द्वारा उपलब्ध नहीं कराई गई है। कक्षा 10 व 11 की छात्रों के साथ वार्ता की गई, वार्ता के दौरान अवगत कराया गया कि अंग्रेजी विषय पढ़ाने के लिए कोई प्रवक्ता/ सहायक अध्यापिका नहीं है।
डायट प्राचार्य बी.के. शर्मा द्वारा सभी संबंधित विद्यालयों के निरीक्षण के उपरांत पाई गई कमियों, व्यवस्थाओं और अनियमितताओं के संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, चित्रकूट को आवश्यक कार्रवाई हेतु आख्या प्रेषित कर दी गई है।