भाद्रपद अमावस्या मेले की तैयारियों को लेकर डीएम-एसपी ने रामघाट एवं बूढ़े हनुमान घाट का किया निरीक्षण
जिलाधिकारी पुलकित गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह व अध्यक्ष नगर पालिका परिषद कर्वी नरेंद्र गुप्ता के साथ भाद्रपद (भादो) अमावस्या मेले की तैयारियों तथा रामघाट से बूढ़े हनुमान घाट तक व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्देशित किया कि मार्ग में स्थित ट्रांसफार्मरों को आवश्यकतानुसार सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कराया जाए तथा बाढ़ के कारण क्षतिग्रस्त होकर गिरे विद्युत पोलों को तत्काल हटवाया जाए।
उन्होंने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका कर्वी को निर्देश दिए कि नालों के ऊपर किसी भी प्रकार का अवैध अथवा नया निर्माण न होने दिया जाए। रामघाट के किनारे बाढ़ से क्षतिग्रस्त मकानों के स्थान पर भी किसी प्रकार का निर्माण कार्य न कराया जाए। उन्होंने मेले के दौरान एवं उसके पश्चात रामघाट क्षेत्र में साफ-सफाई की व्यवस्था निरंतर बनाए रखने के निर्देश दिए। जनपद में आई बाढ़ से कचरा व मलबा हटाने के लिए व मेले की साफ सफाई के लिए लगभग 520 सफाईकर्मी लगाए गए हैं
पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि भाद्रपद अमावस्या मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए व्यापक एवं चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था की गई है। मेले में लगभग 1500 सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने रामसैया स्थित रैन बसेरा का भी निरीक्षण किया तथा अन्य जनपदों से आए श्रद्धालुओं से संवाद कर उनकी सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि दीपावली मेले से पूर्व रैन बसेरे में आवश्यक वॉलपेपर आदि की व्यवस्था कराई जाए तथा सीलन की समस्या के स्थायी समाधान के साथ-साथ तत्काल अस्थायी निस्तारण की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। अपर मुख्याधिकारी जिला पंचायत को निर्देशित किए कि रामसैया की रोड पर लाइटिंग कराएं।