*कलेक्टर ने पुरानी तहसील परिसर का किया अवलोकन*
----------------
कलेक्टर हर्ष सिंह ने बुधवार को पुरानी पन्ना तहसील का भ्रमण कर भवन एवं परिसर का जायजा लिया। वर्ष 2019 तक संचालित तहसील में पुराने अभिलेखों की जानकारी लेकर विभिन्न कक्षों की स्थिति देखी। साथ ही महेन्द्र भवन में संचालित कार्यों के बारे में अद्यतन जानकारी भी ली। जिला कलेक्टर ने पुराने भवन की उपयोगिता और हाउसिंग बोर्ड के प्रस्तावित पुर्नघनत्वीकरण स्कीम के कार्यों के संबंध में आवश्यक चर्चा की। इसके उपरांत जनपद पंचायत पन्ना कार्यालय परिसर का निरीक्षण भी किया और जनपद के आधिपत्य की शासकीय भूमि के बारे में जानकारी प्राप्त की। ब्लॉक कार्यालय में संचालित सामाजिक न्याय, आजीविका मिशन, पीएम आवास, मनरेगा और महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यालय का अवलोकन किया गया।
कलेक्टर श्री सिंह ने पन्ना नगर में स्थित एवं पुरातत्व विभाग के अधीन राज्य संरक्षित स्मारक महाराजा किशोर सिंह की रानी का मकबरा भी देखा और ऐतिहासिक महत्व के इस संरक्षित स्मारक परिसर के पहुंच मार्ग से अवैध अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। इस दौरान पुराने मकान सर्वे कार्य संबंधी जानकारी से अवगत कराया गया। इस मौके पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी उमराव सिंह मरावी, अपर कलेक्टर मधुवंतराव धुर्वे, तहसीलदार अखिलेश प्रजापति भी उपस्थित रहे।
Panna, Panna | Nov 18, 2026