सूर्यगढ़ा में बनेगा अतिरिक्त ग्रिड सब-स्टेशन, डीएम ने 25 एकड़ चिह्नित भूमि का किया निरीक्षण
अभयपुर-कजरा के बीच अमुहारा और अम्बारी में प्रस्तावित ग्रिड सब-स्टेशन की जमीन का लिया जायजा, ऊर्जा विभाग के सचिव को भेजा पत्र
लखीसराय। जिले में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने तथा पशुपालकों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। इसी क्रम में जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने सूर्यगढ़ा प्रखंड क्षेत्र के भ्रमण के दौरान विद्युत विभाग और पशुपालन विभाग से जुड़े विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया।
जिले में अतिरिक्त ग्रिड सब-स्टेशन के निर्माण को लेकर डीएम ने अभयपुर एवं कजरा के बीच अमुहारा ग्राम स्थित पशु चिकित्सालय के समीप चिह्नित करीब 25 एकड़ भूमि का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से प्रस्तावित स्थल की स्थिति और उपलब्ध जमीन के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। अधिकारियों के अनुसार, यहां ग्रिड सब-स्टेशन का निर्माण होने से जिले की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
इसके अलावा डीएम ने बेरियापुर पंचायत के अम्बारी गांव में विद्युत विभाग द्वारा ग्रिड सब-स्टेशन के लिए चिह्नित भूमि का भी निरीक्षण किया। इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला पदाधिकारी की ओर से उसी दिन ऊर्जा विभाग, बिहार के सचिव को पत्र भेजा गया।
पशु चिकित्सालय में जल्द शुरू होगी चिकित्सा सुविधा
विद्युत व्यवस्था के निरीक्षण के साथ ही डीएम ने नवनिर्मित पशु चिकित्सालय का भी जायजा लिया। उन्होंने जिला पशुपालन पदाधिकारी को पशु चिकित्सालय का विधिवत हस्तांतरण प्राप्त कर वहां तत्काल चिकित्सा सेवा शुरू कराने का निर्देश दिया। इससे स्थानीय पशुपालकों को अपने पशुओं के इलाज के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, विद्युत प्रमंडल लखीसराय के कार्यपालक अभियंता सुमित सौरभ एवं सूर्यगढ़ा के प्रखंड विकास पदाधिकारी मंजुल मनोहर मधुप सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद थे।
Lakhisarai, Lakhisarai | Nov 13, 2026