जोगमेला के पोखर की बदहाली से छठव्रतियों की बढ़ी परेशानी, गंदगी के बीच कैसे होगी छठ पूजा?
वार्ड संख्या 18 के पोखर की बदहाल स्थिति पर ग्रामीणों ने प्रशासन से लगाई गुहार, जनप्रतिनिधियों से जल्द पहल करने की मांग
लखीसराय। सदर प्रखंड क्षेत्र के जोगमेला स्थित वार्ड संख्या 18 के पोखर की बदहाल स्थिति ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। पोखर में फैली गंदगी और कचरे के अंबार के कारण जहां आसपास का वातावरण दूषित हो रहा है, वहीं लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर भी लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पोखर की साफ-सफाई नहीं होने के कारण छठ पूजा के लिए घाट पर पहुंचना और पूजा-अर्चना करना काफी कठिन हो गया है। सबसे अधिक परेशानी महिलाओं और छठव्रतियों को उठानी पड़ रही है। अपने ही मोहल्ले में छठ पूजा के लिए स्वच्छ और सुरक्षित घाट उपलब्ध नहीं होने से श्रद्धालुओं में निराशा है।
इस गंभीर समस्या को लेकर जोगमेला वार्ड संख्या 18 की आम जनता ने मीडिया के माध्यम से जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकृष्ट कराया है। ग्रामीणों ने अपील की है कि इस मुद्दे को राजनीति से ऊपर उठकर जनसमस्या के रूप में देखा जाए। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों और जनप्रतिनिधियों से एकजुट होकर पोखर की साफ-सफाई, कचरा हटाने और छठ पूजा के लिए घाट को दुरुस्त कराने की मांग की है।
स्थानीय लोगों ने कहा कि उनकी किसी नेता या राजनीतिक पार्टी से कोई नाराजगी नहीं है। उनकी एकमात्र मांग है कि वर्षों से चली आ रही इस समस्या का जल्द समाधान हो, ताकि माताएं-बहनें और श्रद्धालु स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण में छठ महापर्व मना सकें।
अब सवाल यह है कि क्या प्रशासन और जिम्मेदार जनप्रतिनिधि छठ पूजा से पहले जोगमेला के इस बदहाल पोखर की सुध लेंगे? या फिर इस बार भी श्रद्धालुओं को गंदगी के बीच ही आस्था का महापर्व मनाने को मजबूर होना पड़ेगा?
जोगमेला वार्ड संख्या 18 की आम जनता ने जिला प्रशासन से अविलंब हस्तक्षेप कर पोखर की सफाई और घाट की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है।