छठ घाटों की सुरक्षा और तैयारियों का जायजा लेने निकले डीएम, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
सूर्यगढ़ा के पोखरामा से पटेलपुर गंगा घाट तक कई घाटों का किया निरीक्षण, SDRF की दो टीमें करेंगी नदी में पेट्रोलिंग
लखीसराय। छठ महापर्व को लेकर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। इसी कड़ी में जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार के नेतृत्व में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता एवं संबंधित अधिकारियों ने सूर्यगढ़ा प्रखंड के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों को साफ-सफाई, रोशनी, बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान पोखरामा, खैरा-कजरा, पीरी बाजार तालाब, कसबा तालाब, महा तालाब, मसूदन तालाब, सलेमपुर तालाब एवं पटेलपुर गंगा घाट सहित विभिन्न छठ घाटों की स्थिति का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, बैरिकेडिंग, चेंजिंग रूम, गोताखोरों एवं आपदा मित्रों की तैनाती की प्रगति की समीक्षा की।
पोखरामा सूर्य मंदिर छठ घाट पर पूजा समिति के अध्यक्ष एवं सदस्यों को अगले दिन तक सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया गया। तालाब में बैरिकेडिंग कराने तथा माइकिंग के माध्यम से श्रद्धालुओं को गहरे पानी में नहीं जाने के लिए लगातार जागरूक करने को कहा गया। साथ ही सीढ़ियों से ही अर्घ्य देने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
योगपुर-खेड़ा घाट पर तालाब की गहराई को देखते हुए अंचल अधिकारी, सूर्यगढ़ा को नाव के साथ गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं मसूदन घाट एवं कसबा तालाब पर साफ-सफाई, बैरिकेडिंग और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था पूरी करने का निर्देश दिया गया।
मेदनी गांव छठ घाट एवं कसबा तालाब तक पहुंचने के लिए रेलवे लाइन पार करने की स्थिति को देखते हुए पीरी बाजार थानाध्यक्ष को रेल पुलिस के सहयोग से सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।
पीरी बाजार तालाब घाट के निरीक्षण के दौरान घोसैत पंचायत के मुखिया ने बताया कि अधिकांश साफ-सफाई पूरी कर ली गई है। बैरिकेडिंग एवं प्रकाश व्यवस्था का कार्य अगले दिन तक पूरा कर लिया जाएगा। इस दौरान उप विकास आयुक्त ने मनरेगा कार्यक्रम पदाधिकारी को तालाब किनारे पौधारोपण, पेवर ब्लॉक लगाने एवं ग्रामीण हाट विकसित करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
नदी घाटों पर SDRF की दो टीमें करेंगी निगरानी
जिला पदाधिकारी ने सूर्यगढ़ा-पटेलपुर पुल स्थित छठ घाट पर एसडीआरएफ टीम के साथ सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। एसडीआरएफ की दो टीमें गठित कर रसूलपुर, बंशीपुर, खावा राजपुर, अवगिल रामपुर, हुसैना एवं मेदनीचौकी के विभिन्न छठ घाटों पर लगातार निगरानी रखने और नदी में पेट्रोलिंग करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा बाबा घाट, निस्ता, खेतरखणी स्थान एवं अलीनगर (खर्री) सहित अन्य घाटों पर भी सतत निगरानी रखने को कहा गया।
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं स्वच्छता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। सभी घाटों पर पर्याप्त रोशनी, बैरिकेडिंग, गोताखोरों एवं आपदा मित्रों की तैनाती सहित तमाम जरूरी व्यवस्थाएं समय से पूरी की जाएं, ताकि छठव्रतियों और श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुविधाजनक माहौल मिल सके।