पनबिजली परियोजना के कारण टूटी मुख्य सड़क, कच्चा डायवर्जन बना ग्रामीणों के लिए मुसीबत।
औरंगाबाद जिले के ओबरा प्रखंड अंतर्गत डिहरा पंचायत के ग्राम अधौरा के मुख्य मार्ग की स्थिति इन दिनों बेहद खराब हो गई है। बिहार सरकार की पनबिजली परियोजना के निर्माण कार्य के कारण अधौरा गांव को जोड़ने वाली मुख्य सड़क परियोजना के बीच में आने के कारण तोड़ दी गई। इसके बाद आवागमन के लिए बगल से डायवर्जन बनाया गया, लेकिन यह डायवर्जन अब तक कच्चा है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि बारिश में कीचड़ और फिसलन से स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। आए दिन दोपहिया वाहन चालक दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं, कई लोगों के हाथ-पैर में चोट भी लगी है।
यह सड़क केवल अधौरा नहीं बल्कि आसपास के 10 गांवों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। इसी रास्ते से ग्रामीण श्मशान घाट तक शव लेकर जाते हैं, स्कूली बच्चे विद्यालय जाते हैं और बड़ी संख्या में लोग रोजाना काम पर जाते हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि लंबे समय से शिकायत के बावजूद विभाग और प्रशासन ध्यान नहीं दे रहा है। ग्रामीणों ने मांग की है कि बाधित सड़क के स्थान पर डायवर्जन मार्ग को तत्काल पक्की सड़क के रूप में विकसित किया जाए।
ग्रामीणों ने कहा कि यह मामला बच्चों, बुजुर्गों, मरीजों और अंतिम संस्कार तक की सुरक्षा से जुड़ा है। इस मुद्दे को सिद्धार्थ भारद्वाज ने प्रमुखता से उठाया है। मौके पर निखिल सिंह, गोरख चौधरी, ओम चौधरी, जुगेश प्रजापति, विंध्याचल जी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।