घर में पथराव के बाद ताला तोड़कर नकदी, जेवरात और कपड़े चोरी का आरोप, पीड़िता ने थाने में दी तहरीर
संतकबीरनगर के खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के ग्राम चकपिहानी की रहने वाली अनीता देवी पत्नी राकेश यादव ने अपने ही पट्टीदार पर घर में पथराव, जान से मारने की धमकी और चोरी का आरोप लगाते हुए थाना अध्यक्ष को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़िता के अनुसार, 22 जुलाई की रात करीब 9 बजे उनके पट्टीदार नीरज पुत्र स्वर्गीय राजकुमार बिना किसी कारण उनके घर पर पत्थर फेंकने लगे। विरोध करने पर आरोपी ने गाली-गलौज की और जान-माल की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना तत्काल यूपी-112 पुलिस को दी गई। पुलिस ने दोनों पक्षों को चौकी बुलाया, लेकिन आरोपी वहां से फरार हो गया।
पीड़िता का कहना है कि घटना के बाद वह अपने परिवार के साथ अपने देवर के घर चली गई थीं। अगले दिन सुबह जब वह वापस लौटीं तो देखा कि उनके घर का ताला टूटा हुआ था। घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और बक्सा तोड़कर उसमें रखे जेवरात, कपड़े तथा लगभग 10 हजार रुपये नकद गायब थे।
अनीता देवी ने बताया कि उन्होंने दोबारा यूपी-112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। घर के बाहर एक बैग और जेवरात का खाली डिब्बा बिखरा हुआ मिला। पीड़िता ने थाना अध्यक्ष को तहरीर देकर मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।