खलीलाबाद को मिली विकास की नई सौगात: 6 करोड़ की लागत से विधियानी रोड निर्माण का शुभारंभ
संतकबीरनगर।लंबे समय से बदहाल पड़ी खलीलाबाद की विधियानी रोड अब जल्द ही नए स्वरूप में नजर आएगी। करीब 6 करोड़ रुपये की लागत से सड़क के पुनर्निर्माण कार्य का शुभारंभ सदर विधायक अंकुर राज तिवारी ने विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया। सड़क निर्माण शुरू होने से क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है।
वर्षों से जर्जर सड़क के कारण राहगीरों और स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। बरसात में जलभराव और बड़े-बड़े गड्ढों के चलते आवागमन जोखिम भरा हो जाता था। अब निर्माण कार्य शुरू होने से लोगों को जल्द ही बेहतर और सुरक्षित सड़क मिलने की उम्मीद जगी है।
शुभारंभ के दौरान विधायक अंकुर राज तिवारी ने निर्माण स्थल का निरीक्षण किया और स्वयं जेसीबी चलाकर कार्य की शुरुआत की। मौके पर जेसीबी, बुलडोजर तथा निर्माण सामग्री से लदे वाहन कार्य में लगे दिखाई दिए। बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और जनप्रतिनिधि भी इस अवसर पर मौजूद रहे।
विधायक अंकुर राज तिवारी ने कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़कें न केवल आवागमन को आसान बनाएंगी, बल्कि व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक लोगों की पहुंच भी सुगम होगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा कराने के निर्देश दिए।
सड़क निर्माण शुरू होने पर स्थानीय लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विधायक का आभार जताया। लोगों का कहना है कि वर्षों पुरानी इस समस्या के समाधान से हजारों ग्रामीणों और शहरवासियों को सीधा लाभ मिलेगा तथा खलीलाबाद के विकास को नई रफ्तार मिलेगी। अब क्षेत्रवासियों को विश्वास है कि विधियानी रोड जल्द ही आधुनिक और सुगम मार्ग के रूप में नई पहचान बनाएगी। #वायरल #nonfollowers