"मुमताज अहमद सुभासपा के सदस्य नहीं, पार्टी को बदनाम करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई : उमेश चन्द्र राजभर"
संतकबीरनगर। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के जिलाध्यक्ष उमेश चन्द्र राजभर ने स्पष्ट किया है कि सेमरियावा ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि मुमताज अहमद पार्टी के सदस्य नहीं हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग बिना किसी अधिकार के पार्टी का नाम इस्तेमाल कर भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं, जिससे संगठन की छवि प्रभावित हो रही है।
उमेश चन्द्र राजभर ने कहा कि सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता के खिलाफ हमेशा से सख्त रही है।
यदि कोई व्यक्ति पार्टी के नाम का दुरुपयोग करता है, संगठन को बदनाम करने का प्रयास करता है या भ्रष्टाचार जैसे कार्यों में लिप्त पाया जाता है, तो उसके खिलाफ पार्टी स्तर पर कठोर से कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि पार्टी की पहचान ईमानदारी, पारदर्शिता और जनता की सेवा से है। ऐसे में किसी भी व्यक्ति को पार्टी के नाम का गलत इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं और आम जनता से भी अपील की कि वे केवल पार्टी के अधिकृत पदाधिकारियों और सदस्यों की बातों पर ही भरोसा करें तथा किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी से सतर्क रहें।
उन्होंने दोहराया कि संगठन की गरिमा और अनुशासन बनाए रखना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है और पार्टी की छवि धूमिल करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।