चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और कांग्रेस द्वारा उठाए जा रहे “वोट चोरी” के आरोपों के विरोध में सारण जिला कांग्रेस और सोनपुर कांग्रेस ने संयुक्त रूप से आक्रोश मार्च निकाला। मार्च नगरपालिका चौक से शुरू होकर थाना चौक होते हुए समाहरणालय पहुंचा, जहां कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन और नारेबाजी की। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ता नगरपालिका चौक पहुंचे, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पुतले जलाए गए।जिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. शंकर चौधरी ने कहा कि मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े आरोपों की तथ्यों के आधार पर जांच होनी चाहिए और पारदर्शिता को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब सार्वजनिक किया जाना चाहिए। सोनपुर कांग्रेस अध्यक्ष सुधीर राय ने कहा कि पार्टी का मुद्दा चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता और मतदाता के अधिकारों से जुड़ा है।छपरा कांग्रेस प्रभारी प्रेमचंद सिंह और सोनपुर कांग्रेस प्रभारी ब्रह्मदेव प्रकाश चौधरी ने कहा कि कांग्रेस कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर आंदोलन कर रही है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। हाल के दिनों में कांग्रेस ने विभिन्न राज्यों में भी मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ इसी मुद्दे को लेकर प्रदर्शन किए हैं।
Chapra, Saran | Sep 29, 2026