#कहानी_बदलाव_की
एक एकड़ में टमाटर की खेती से किसान ने कमाए 4.50 लाख रुपये
ड्रिप सिंचाई और आधुनिक तकनीक से बढ़ा उत्पादन, परंपरागत खेती की तुलना में मिली बेहतर आय
============================
मेहनत, सही तकनीक और समय पर मिले मार्गदर्शन से खेती को लाभ का व्यवसाय बनाया जा सकता है। छिंदवाड़ा जिले के हर्रई विकासखंड के ग्राम राबराखुर्द के कृषक श्री विष्णु ने इसे साबित किया है। उन्होंने उद्यानिकी विभाग के तकनीकी मार्गदर्शन से मात्र एक एकड़ भूमि में टमाटर की खेती कर लगभग 4.50 लाख रुपये की आय अर्जित की। आधुनिक सिंचाई पद्धति और वैज्ञानिक तरीके से फसल प्रबंधन अपनाकर उन्होंने खेती में बेहतर आमदनी की राह बनाई है।
परंपरागत खेती से उद्यानिकी फसलों की ओर बढ़े- लगभग तीन एकड़ कृषि भूमि के स्वामी श्री विष्णु पहले परंपरागत फसलों की खेती करते थे, जिससे उन्हें सीमित आमदनी होती थी। आय बढ़ाने के उद्देश्य से उन्होंने वर्ष 2025-26 में उद्यानिकी विभाग के सुझाव पर एक एकड़ भूमि में ड्रिप सिंचाई पद्धति से टमाटर की खेती शुरू की। नई तकनीक अपनाने का उनका यह निर्णय लाभकारी साबित हुआ और उन्हें कम क्षेत्र में बेहतर उत्पादन प्राप्त हुआ।
विभागीय मार्गदर्शन से बेहतर हुआ फसल प्रबंधन- टमाटर की खेती के दौरान उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों ने कृषक को उन्नत बीज, संतुलित उर्वरक उपयोग, कीट एवं रोग नियंत्रण, सिंचाई तथा फसल प्रबंधन की तकनीकों की जानकारी दी। समय-समय पर मिले तकनीकी मार्गदर्शन और नियमित देखभाल से फसल का अच्छा विकास हुआ। ड्रिप सिंचाई पद्धति अपनाने से पानी का बेहतर उपयोग करने में भी मदद मिली।
1.50 लाख रुपये की लागत से 4.50 लाख रुपये की आय- कृषक श्री विष्णु ने टमाटर की फसल में बीज, खाद, दवाइयों, श्रम एवं अन्य कृषि कार्यों पर लगभग 1.50 लाख रुपये खर्च किए। इसके बदले उन्हें करीब 1,000 कैरेट टमाटर का उत्पादन प्राप्त हुआ। बाजार में औसतन 450 रुपये प्रति कैरेट की दर से बिक्री होने पर कुल आय लगभग 4.50 लाख रुपये रही। इस प्रकार खेती की लागत घटाने के बाद उन्हें लगभग 3 लाख रुपये का शुद्ध लाभ प्राप्त हुआ।
कृषक श्री विष्णु की यह सफलता दर्शाती है कि आधुनिक तकनीक, उचित फसल चयन और विभागीय मार्गदर्शन के माध्यम से किसान अपनी आय बढ़ा सकते हैं। उद्यानिकी फसलों को अपनाकर किसान कम भूमि में भी बेहतर उत्पादन और लाभ की संभावनाएं तलाश
सकते हैं।
Dr Mohan Yadav CM Madhya Pradesh
#सेवा_संकल्प_अभियान
#कृषक_कल्याण_वर्ष_2026
#agriculture
#procwa #छिन्दवाड़ा
#JansamparkMP
Department of Agriculture, Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh