राहुल गांधी का जन्मदिन सेवा कार्यों और युवा सहभागिता के साथ मनाया गया
हरदोई। नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के जन्मदिवस पर शुक्रवार को जनपद भर में कांग्रेस, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला मुख्यालय पर जहां युवा कांग्रेस ने शहीद उद्यान (कंपनी गार्डन) में केक काटकर जन्मदिन मनाया, वहीं जिला कांग्रेस कमेटी और शहर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में सेवा एवं जनकल्याण कार्यक्रमों का आयोजन कर मरीजों, तीमारदारों और राहगीरों को खाद्य सामग्री एवं शीतल पेय वितरित किए गए।
युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष मोहन सिंह के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान केक काटकर राहुल गांधी के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की गई। मोहन सिंह ने कहा कि राहुल गांधी देश के युवाओं, किसानों और आम जनता की आवाज हैं तथा युवा कांग्रेस उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रही है।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विक्रम पांडेय ने कहा कि राहुल गांधी संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष कर रहे हैं और देश के युवाओं को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। वहीं एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष हसन अहमद ने कहा कि राहुल गांधी हमेशा छात्रों और युवाओं के हितों के लिए मुखर रहे हैं और उनके विचार युवाओं को प्रेरित करते हैं।
जन्मदिवस के अवसर पर जिला अस्पताल हरदोई में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों को फल, बिस्किट, शीतल जल तथा अन्य उपयोगी सामग्री वितरित की गई। इसके बाद जिला कांग्रेस कार्यालय में शुद्ध एवं शीतल शरबत वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राहुल गांधी के जन्मदिवस को सेवा एवं जनकल्याण दिवस के रूप में मनाना संगठन की जनसेवा की भावना को प्रदर्शित करता है।
इसके अतिरिक्त बालामऊ स्वास्थ्य केंद्र और बालामऊ मुख्य बाजार में युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव मोमिन अहमद तथा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में राहगीरों, मरीजों एवं उनके तीमारदारों को केला, बिस्किट, छाछ और फ्रूटी वितरित की गई।
कार्यक्रमों में जिला कांग्रेस अध्यक्ष विक्रम पांडेय, शहर कांग्रेस अध्यक्ष अनुपम दीक्षित, पूर्व जिला अध्यक्ष अजय सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष राजीव सिंह, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोहन सिंह, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष हसन अहमद सहित कांग्रेस, युवा कांग्रेस एवं एनएसयूआई के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में युवाओं की सहभागिता से पूरे दिन आयोजित कार्यक्रमों का माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा।
Bilgram, Hardoi | Jun 19, 2026