#भरतपुर। डीग महोत्सव-2026 के तहत डीग महल में आयोजित सांस्कृतिक संध्या में पद्मश्री गफरुद्दीन मेवाती और प्रख्यात गायिका वंदना मिश्रा ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से श्रोताओं का मन मोह लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपखंड अधिकारी अमित कुमार मीना और एएसआई के उप अधीक्षक गोविंदराम मीना ने दीप प्रज्वलित कर किया। गफरुद्दीन मेवाती ने अपने पारंपरिक भपंग वादन और 'गजानन मेरे घर में पधारो' जैसे लोकप्रिय मेवाती गीतों से मेवात की समृद्ध लोक संस्कृति की जीवंत छटा बिखेरी। वहीं, वंदना मिश्रा ने 'मेरे राम आए हैं', 'बम लाहिरी' और 'मेरे रश्के कमर' जैसे भक्ति, लोक और फिल्मी गीतों की एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देकर माहौल को संगीतूर बना दिया।