#भरतपुर। बयाना सदर थाना क्षेत्र के मांगरैन खुर्द गांव में बारात में हुए विवाद के बाद रविवार रात एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के घर पर पथराव कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार, गांव से सूरौठ थाना क्षेत्र के जटनगला गांव में बारात गई थी, जहां चंदन चौधरी और बदन चौधरी पक्ष के लोगों के बीच किसी बात पर कहासुनी और गाली-गलौज हुई, जिसे लोगों ने समझाकर शांत कराया था। आरोप है कि इसी रंजिश में बारात से लौटने के बाद चंदन पक्ष के एक दर्जन से अधिक लोगों ने मांगरैन खुर्द में बदन चौधरी के घर पर पत्थरों से हमला कर दिया। उस समय परिवार के अन्य सदस्य बारात में गए थे और घर में महिलाएं व बच्चे सो रहे थे। सूचना मिलते ही कलसाड़ा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। कलसाड़ा चौकी पुलिस के मुताबिक, घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है और पीड़ित पक्ष की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।