कलेक्टर की अध्यक्षता में समय सीमा बैठक सम्पन्न
बड़वानी 12 नवंबर 2026/शासकीय योजनाओं का संचालन जिले वासियों के बेहतर विकास एवं जिले के विकास हेतु शासन द्वारा किया जाता है। अतः शासकीय योजनाओं के संचालन में जिलाधिकारी लापरवाही न बरते। साथ ही जो निर्माण कार्य जिले में स्वीकृत एवं प्रगतिरत है, उन्हे समय सीमा में गुणवत्तायुक्त पूर्ण किया जाये। जिससे कि जिले का विकास हो सके एवं जिले वासियों को बेहतर सुविधाएं मिल सके। उक्त बातें कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह ने गुरूवार को कलेक्टर कार्यालय बड़वानी के सभागृह में आयोजित समय सीमा बैठक के दौरान कही। इस दौरान विभिन्न विभागों की शासकीय योजनाओं की समीक्षा करते हुए विभागीय कार्यों की भी समीक्षा कर योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन हेतु जिला अधिकारियों को निर्देशित किया। जिला अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कलेक्टर ने कहा कि जिला अधिकारी अपने कार्यालय में ही न बैठे वरन् फील्ड पर जाकर कार्यो की स्थिति को देखे। अगर मैदानी अमले द्वारा कार्य में लापरवाही बरती जा रही है, या समय के अनुसार कार्य में प्रगति नही है तो उसकी जवाबदारी सुनिश्चित करते हुए कार्य को गति प्रदान करे। जिलाधिकारी सप्ताहवार एक निश्चित लक्ष्य तय करते हुए काम करें जिससे कि जिले में शासकीय योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन हो पाए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अर्पित गुप्ता, सहायक कलेक्टर श्री माधव अग्रवाल, अपर कलेक्टर श्रीमती हेमलता सोलंकी, संयुक्त कलेक्टर श्री रवि वर्मा सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी विषय के माध्यम से उपस्थित थे।
बैठक में दिए गए अन्य निर्देश * जिले में संचालित विभिन्न सिंचाई परियोजनाओं की नहरो में आवश्यक कार्यवाही करते हुए फसलों के लिए पानी छोड़ा जाए। छोड़ा गया पानी नहरों के अंतिम छोर तक पहुंचे जिससे कि आखिरी किसान को भी इसका लाभ मिले यह सुनिश्चित किया जाये। नहरों में अवरोध होने पर उचित कार्यवाही की जाये। * जिले में आशा की भर्ती आनलाईन प्रारंभ हो गई है, अतः ग्राम की विवाहित महिला से आवेदन कराये जाये, जिससे कि जो ग्राम आशा विहीन है वहां पर आशा की नियुक्ति होकर ग्राम के लोगो को स्वास्थ्य सुविधा में बेहतर मदद मिल सके।
* समस्त राजस्व अधिकारी राजस्व न्यायालय के प्रकरणों को निराकरण कराये।
* जिले के क्रियाशील स्कूल एवं पंचायत भवन का कार्य गुणवत्ता युक्त हो। साथ ही भवनों को आकर्षक बनाया जाये।
* जिले में आबकारी विभाग अवैध एवं कच्ची शराब के विरूद्ध निरंतर कार्यवाही करे। जिन दुकानों पर कच्ची शराब का विक्रय किया जा रहा है, वहां पर छापामार कार्यवाही की जाये।
* वीबी जीरामजी योजनान्तर्गत समस्त जनपद पंचायत के सीईओ अपने क्षेत्रों में स्वीकृत कार्यो में प्रगति लाये। हर सप्ताह उनकी प्रगति की समीक्षा की जायेगी।
* प्रधानमंत्री आवास योजनान्तर्गत जनपद पंचायत का मैदानी अमला फील्ड में जाकर अपूर्ण आवासों को पूर्ण कराये।