पराली प्रबंधन पर जागरूकता शिविरों का आयोजन
----
कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा द्वारा पराली प्रबंधन के प्रति किसानों को जागरूक करने के उद्देश्य से दिये गये निर्देशो के क्रम में आज ग्राम बगदिया, बनवाडा, ढेंगदा, लाडपुरा, बिचपुरी में जागरूकता शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों के माध्यम से किसानों को खेतो में पराली जलाने से होने वाले नुकसान से अवगत कराते हुए पराली प्रबंधन में उपयोगी कृषि यंत्रों तथा उनके उपयोग के संबंध में जानकारी प्रदान की गई।
उप संचालक कृषि श्री आरके सिंह ने बताया कि श्योपुर, कराहल, विजयपुर विकासखण्ड क्षेत्र के उक्त ग्रामों में आयोजित शिविर के दौरान कृषि अधिकारियों तथा अन्य विभागों के क्षेत्रीय अमले द्वारा किसानों को फसल अवशेषों एवं पराली को खेतों में जलाने से होने वाले दुष्परिणामों से अवगत कराया गया कि पराली जलाने से मृदा में उपस्थित लाभकारी सूक्ष्मजीवों को नुकसान पहुंचता है तथा मृदा की उर्वरता प्रभावित होती है। साथ ही वायु प्रदूषण बढ़ने से मानव स्वास्थ्य एवं पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
कृषकों को पराली जलाने के स्थान पर फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन करने, उन्हें खेत में मिलाकर जैविक पदार्थ की मात्रा बढ़ाने तथा उपलब्ध कृषि यंत्रों जैसे सुपर सीडर, हैप्पी सीडर, स्ट्रॉ रीपर एवं अन्य उपयुक्त यंत्रों के माध्यम से फसल अवशेष प्रबंधन करने के लिए प्रेरित किया गया। इससे मृदा की गुणवत्ता बनाए रखने, पोषक तत्वों के संरक्षण तथा कृषि उत्पादन की लागत कम करने में सहायता मिल सकती है। कार्यक्रम में उपस्थित कृषकों से अपील की गई कि वे पराली न जलाएं तथा अन्य किसानों को भी फसल अवशेष प्रबंधन के प्रति जागरूक करें। उक्त शिविरों के दौरान दो सैकडा से अधिक किसान उपस्थित रहे।
-
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#sheopur