गोल्ड मेडल जीतने वाली संभागीय टीम में श्योपुर के तीन खिलाडी
सांदीपनि विद्यालय श्योपुर के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
-----
70वीं राज्य स्तरीय शालेय अंडर-19 बालक हॉकी प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतने वाली ग्वालियर संभाग की टीम में श्योपुर जिले के तीन खिलाडी भी शामिल रहे। कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा के मार्गदर्शन एवं जिला शिक्षा अधिकारी श्री यश जैन के निर्देशन में श्योपुर जिले के खिलाडियों ने संभागीय टीम में जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए बेहतर प्रदर्शन किया। ग्वालियर में आयोजित उक्त राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में ग्वालियर संभाग ने सागर संभाग को हराकर गोल्ड मेडल जीता है।
ग्वालियर टीम की इस शानदार सफलता में श्योपुर के खिलाड़ियों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। विशेष रूप से सांदीपनि विद्यालय श्योपुर के दो प्रतिभाशाली खिलाडियों केशव प्रजापति एवं अंकित विटोलिया ने ग्वालियर टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया। वहीं हायर सैकेण्डरी स्कूल सोईकलां के प्रतिभाशाली खिलाड़ी दीपक जाटव ने भी टीम का हिस्सा बनकर अपने शानदार प्रदर्शन से जिले का गौरव बढ़ाया।
प्राचार्य सांदीपनि विद्यालय श्री अशोक खंडेलवाल ने श्योपुर जिले के खिलाडियों को शुभकामनाएं दी है, इस उपलब्धि के पीछे सांदीपनि विद्यालय श्योपुर के खेल शिक्षक श्री कौशल त्रिपाठी का विशेष मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण महत्वपूर्ण रहा। उनके कुशल निर्देशन, निरंतर अभ्यास, अनुशासन और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के प्रयासों ने विद्यार्थियों को इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
यह उपलब्धि न केवल सांदीपनि विद्यालय श्योपुर के लिए बल्कि पूरे श्योपुर जिले के लिए गौरव का विषय है। खिलाड़ियों की इस सफलता ने यह साबित किया है कि उचित मार्गदर्शन, कठिन परिश्रम और निरंतर अभ्यास से प्रतिभाशाली विद्यार्थी राज्य स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।
-
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#sheopur