कार्तिक स्नान के साथ रामेश्वर मेला शुरू
एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी
-----
जिले के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल श्री रामेश्वर धाम त्रिवेणी संगम पर कार्तिक स्नान के साथ ही तीन दिवसीय रामेश्वर मेले की शुरूआत हो गई है। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आज त्रिवेणी संगम में एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं द्वारा आस्था की डुबकी लगाकर पूजा-अर्चना की गई। 24 नवंबर को प्रातः कालीन समय में कार्तिक स्नान के लिए श्रद्धालुओं का आना 23 नवंबर की रात्रि से शुरू हो गया था, यह धार्मिक मेला 24 नवंबर से 26 नवंबर तक जारी रहेगा। इस दौरान मध्यप्रदेश और राजस्थान क्षेत्र के श्रद्धालु बडी संख्या में त्रिवेणी संगम पहुंचकर स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित करेंगे।
कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा के निर्देशन में श्रद्धालुओं की सुविधा के मद्देनजर मेला स्थल पर विभिन्न व्यवस्थाओं सहित स्नान घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किये गये है। इसके अलावा आवश्यक समन्वय के लिए कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है।
जिला प्रशासन द्वारा कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से 10 तहसीलदार एवं नायब तहसीलदारों को कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के रूप में नियुक्त किया गया है। तीन पालियो में नियुक्त कार्यपालिक मजिस्ट्रेट मेला अवधि के दौरान मेला क्षेत्र एवं नदी घाट क्षेत्र में सौपे गये दायित्वों का निर्वहन करेंगे। इसके अलावा पेयजल व्यवस्था, मेला स्थल पर एम्बुलेंस तथा फायर ब्रिगेड की उपलब्धता और स्वास्थ्य शिविर की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। त्रिवेणी संगम स्थित घाटो पर स्नान के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर बेरीकेटिंग की गई है तथा एसडीआरएफ की तीन टीमे तैनात की गई है।
कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा के निर्देशानुसार अपर कलेक्टर श्री रूपेश उपाध्याय, एसडीएम सुश्री मेघा तिवारी, तहसीलदार श्री दीपेश धाकड़ एवं सीईओ जनपद श्री अभिषेक त्रिवेदी सहित अन्य अधिकारियों द्वारा मेले में पहुंचकर विभिन्न व्यवस्थाओं का दायित्व संभाला गया तथा कन्ट्रोलरूम सहित स्नान घाट क्षेत्र और मेला स्थल का अवलोकन किया गया।
इसके साथ ही पुलिस अधीक्षक श्री मोती उर रहमान द्वारा भी मेले में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। एसडीओपी श्री आनंद राय भी मेले में सुरक्षा व्यवस्था के समन्वय हेतु मौजूद रहे।
मेले के प्रथम दिन मेला रंगमंच पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम अंतर्गत श्योपुर क्षेत्र की जनजातीय लोक परम्परा पर आधारित दुलदुल घोडी नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी गई। कार्तिक पूर्णिमा 24 नवंबर के अवसर पर प्रातः कालीन समय में श्रद्धालुओं द्वारा किये जाने वाले स्नान के दृष्टिगत प्रशासन द्वारा 23 नवंबर की रात्रि से ही स्नान घाटों पर व्यवस्था संभाल ली गई थी, इस दौरान रात्रि में नायब तहसीलदार श्री टीएस लकडा तथा अन्य राजस्व अधिकारी अपनी-अपनी टीमों के साथ मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि श्योपुर जिले की तहसील श्योपुर के ग्राम मानपुर के समीप स्थित रामेश्वर त्रिवेणी संगम की मान्यता एक तीर्थ के रूप में है। यहाँ राजस्थान एवं म.प्र. से बड़ी संख्या में श्रद्धालु संगम में पवित्र स्नान करने एवं दर्शनार्थ आते है।
यहाँ चम्बल, बनास एवं सीप नदी का संगम है। नदी के म.प्र. की ओर में रामेश्वर तीर्थ तथा दूसरी ओर राजस्थान में चतुर्भुजनाथ का मंदिर है। म.प्र. में लगने वाले रामेश्वर त्रिवेणी संगम मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु त्रिवेणी में पवित्र स्नान के पश्चात पहले रामेश्वरनाथ के दर्शन करते है तदपरांत नदी पार कर राजस्थान के चतुर्भुजनाथ जी के दर्शन करने जाते है।
विक्रम स्मृति ग्रंथ एवं श्री जयचंद्र विद्यालंकार द्वारा भारतीय इतिहास की रूपरेखा में इसका उल्लेख है। प्रख्यात इतिहासकार स्व. डॉ. हरिहर निवास द्विवेदी ने मध्य भारत का इतिहास नामक पुस्तक में हिन्दू संस्कृति के निर्माण शीर्षक अंतर्गत इसका विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया है। नासिक गुहा लेख में भी इसका उल्लेख है।
कन्ट्रोलरूम संचालित
तीन दिवसीय श्रीरामेश्वर मेले में कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य व्यवस्थाओं के लिए कन्ट्रोलरूम का संचालन किया जा रहा है। सीईओ जनपद श्री अभिषेक त्रिवेदी ने बताया कि कन्ट्रोलरूम का दूरभाष क्रमांक 96695-48446 है।
-
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#sheopur