संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महाराज की सामाजिक समरसता संकल्प अभियान यात्रा का बुड़ेरा में भव्य स्वागत
-----
संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में जनजाति कार्य विभाग द्वारा सामाजिक समरसता संकल्प अभियान के तहत जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय के मार्गदर्शन में तथा जनजाति कार्य विभाग के जिला संयोजक श्री मुकेश पालीवाल के निर्देशन में सामाजिक समरसता संकल्प अभियान के अंतर्गत रथ यात्रा निकाली जा रही है। यात्रा का विभिन्न ग्रामों में श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणजनों द्वारा कलश दर्शन-पूजन कर उत्साहपूर्वक स्वागत किया जा रहा है।
सामाजिक समरसता संकल्प अभियान की रथ यात्रा टीकमगढ़ जिले के विभिन्न ग्रामों से होते हुए बुड़ेरा, नारायणपुर, झिंगुआ एवं करमासन घाट पहुंची। इस दौरान ग्रामीणजनों एवं श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा एवं पुष्पमालाओं से यात्रा का आत्मीय स्वागत किया। इसके पश्चात यात्रा बल्देवगढ़ पहुंची, जहां भी श्रद्धालुओं द्वारा उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया।
यात्रा के दौरान संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महाराज के समता, सद्भाव, सामाजिक एकता एवं मानव कल्याण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। संत रविदास जी महाराज की वाणी समाज में समानता, भाईचारे एवं मानवता की भावना को मजबूत करने की प्रेरणा देती है। उनके विचार जाति-पंथ तथा ऊंच-नीच के भेदभाव से मुक्त ऐसे समाज की स्थापना का संदेश देते हैं, जहां प्रत्येक व्यक्ति को समान सम्मान एवं अवसर प्राप्त हो।
यात्रा का बड़ागांव धसान में भी भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया गया। इसके पश्चात संत श्री रविदास जी महाराज मंदिर में रात्रि विश्राम किया गया। श्रद्धालुओं ने संत रविदास जी महाराज के चरणों में श्रद्धा-सुमन अर्पित करते हुए सामाजिक समरसता, सद्भाव एवं सामाजिक एकता को मजबूत करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर संत रविदास जी महाराज सामाजिक समरसता संकल्प अभियान के जिला संयोजक श्री अश्वनी चढ़ार, मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद टीकमगढ़ की नवांकुर संस्था ग्रामीण स्वावलंबन समिति की कार्यक्रम समन्वयक श्रीमती गीता अहिरवार, सुदर्शन फाउंडेशन के समन्वयक श्री शिवम नापित सहित सामाजिक कार्यकर्ता, श्रद्धालु एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
#JansamparkMP
#Jansamparktikamgarh
#tikamgarh