युवा आपदा मित्र प्रशिक्षण कार्यक्रम के द्वितीय बैच का द्वितीय दिवस संपन्न
----
जिला प्रशासन के निर्देशन में आयोजित युवा आपदा मित्र प्रशिक्षण कार्यक्रम के द्वितीय बैच के द्वितीय दिवस मंगलवार को स्थानीय होटल में आयोजित किया गया। कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय के निर्देशन में आयोजित इस प्रशिक्षण में 182 प्रतिभागियों को आपदा प्रबंधन एवं बचाव कार्यों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस बैच में विशेष रूप से जिले की चयनित जलीय संरचनाओं के तटीय क्षेत्रों में निवास करने वाले प्रतिभागियों को शामिल किया गया है।
प्रशिक्षण के दौरान जिला सेनानी श्री बी.पी. नामदेव द्वारा निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुसार प्रतिभागियों को आपदा के दौरान बचाव एवं राहत कार्यों से संबंधित आवश्यक जानकारी प्रदान की गई। इसके पश्चात सभी युवा आपदा मित्रों को टीकेजी वाटर पार्क ले जाया गया, जहां स्विमिंग पूल में उन्हें व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
वाटर पार्क में प्रशिक्षुओं को आपात स्थिति में घायल अथवा अचेत व्यक्ति की जान बचाने के लिए सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) का अभ्यास कराया गया। इसके साथ ही ड्राई रेस्क्यू एवं वेट रेस्क्यू की तकनीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। प्रशिक्षुओं को जल संरचनाओं में होने वाली दुर्घटनाओं के दौरान सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू करने के आवश्यक तरीकों से अवगत कराया गया।
प्रशिक्षण के अंत में सभी युवा आपदा मित्रों को तैराकी का व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य प्रतिभागियों को आपदा की स्थिति में त्वरित, सुरक्षित एवं प्रभावी ढंग से राहत एवं बचाव कार्य करने के लिए दक्ष बनाना है।
#JansamparkMP
#Jansamparktikamgarh
#tikamgarh