नगर पालिका की मासिक समीक्षा बैठक में कार्यों की प्रगति की समीक्षा, समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश
---
मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री ओमपाल सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में आज नगर पालिका परिषद कार्यालय के सभागार में समस्त शाखा प्रभारियों एवं कर्मचारियों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न शाखाओं द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में नगर में संचालित निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्हें निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही लंबित कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए संबंधित शाखा प्रभारियों को कार्यों में तेजी लाने के लिए कहा गया। सफाई व्यवस्था की समीक्षा के दौरान नगर के प्रमुख क्षेत्रों, वार्डों एवं सार्वजनिक स्थलों पर नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए। सीएमओ ने सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने तथा निर्धारित व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने पर जोर दिया।
आगामी लोक अदालत को दृष्टिगत रखते हुए संबंधित शाखाओं को आवश्यक तैयारियां समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही लंबित प्रकरणों एवं संबंधित अभिलेखों को व्यवस्थित रखने के लिए कहा गया, जिससे लोक अदालत के माध्यम से अधिक से अधिक प्रकरणों का प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में नगर पालिका की दुकानों से संबंधित प्रीमियम एवं किराया राशि जमा नहीं करने वाले आवंटितियों को अंतिम नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए। स्पष्ट किया गया कि निर्धारित समयावधि में राशि जमा नहीं करने की स्थिति में नियमानुसार दुकान का आवंटन निरस्त कर पुनः नीलामी की कार्यवाही की जाएगी।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री भदौरिया ने सभी शाखा प्रभारियों को अपने-अपने विभागीय कार्यों की नियमित समीक्षा करने, लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने तथा शासन की योजनाओं एवं नगर पालिका से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। मासिक समीक्षा बैठक में नगर पालिका परिषद के समस्त शाखा प्रभारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
#JansamparkMP
#Jansamparktikamgarh
#tikamgarh