डीएम ने बूथों का निरीक्षण कर मतदाता पुनरीक्षण कार्यों का लिया जायजा
बस्ती: अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत चलाए जा रहे 21 व 22 नवम्बर 2026 को विशेष अभियान के क्रम में शनिवार को जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना ने विधानसभा क्षेत्र 310-बस्ती सदर के विभिन्न मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने बूथों पर चल रहे पुनरीक्षण कार्यों का जायजा लेते हुए संबंधित बीएलओ से जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने किसान इंटर कॉलेज मरहा गोटवा स्थित बूथ संख्या 371 एवं 372 का निरीक्षण किया। इसके बाद प्राथमिक विद्यालय महरीपुर स्थित बूथ संख्या 381, 382 एवं 383 तथा प्राथमिक विद्यालय कोठवा भरतपुर स्थित बूथ संख्या 391 एवं 392 पर पहुंचकर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत किए जा रहे कार्यों का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने बीएलओ से मतदाता सूची में नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, नाम एवं विवरण में संशोधन तथा फार्म-6, फार्म-7 एवं फार्म-8 के माध्यम से प्राप्त आवेदन पत्रों की स्थिति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने निर्देशित किया कि पात्र नागरिकों के नाम निर्वाचक नामावली में सम्मिलित करने तथा मतदाता विवरण में संशोधन की प्रक्रिया पूरी तत्परता से सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण कार्य है। इसमें सभी संबंधित अधिकारी एवं बीएलओ पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता से अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रह जाए।
उन्होंने बूथ स्तर पर मतदाताओं को पुनरीक्षण प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने, आवेदन भरने में सहयोग प्रदान करने तथा अभियान को प्रभावी एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।
Basti, Basti | Nov 21, 2026