एनएच-143 की बदहाली के विरोध में बिरमित्रपुर बंद
स्वत:स्फूर्त बंद को सफल बनाने सड़क पर उतरे लोग, चार स्थानों पर जाम से हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार
बिरमित्रपुर: राष्ट्रीय राजमार्ग-143 की जर्जर स्थिति और मरम्मत में कथित उदासीनता के विरोध में मंगलवार को बिरमित्रपुर बंद रहा। बंद को सफल बनाने लोग सड़क पर उतरे और शहर के चार स्थानों पर सड़क जाम कर दिया। अधिकांश दुकानें व व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे। जाम के कारण एनएच-143 पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित हुआ। सोमवार को आयोजित सर्वदलीय बैठक में बंद का निर्णय लिया गया था। प्रदर्शनकारियों ने एनएच-143 की तत्काल मरम्मत व नियमित रखरखाव की मांग की। उनका कहना है कि जर्जर सड़क से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। बंद से आम जनजीवन प्रभावित रहा।