71वां मध्यप्रदेश स्थापना दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया
मुख्य अतिथि सेवढ़ा विधायक श्री प्रदीप अग्रवाल ने किया ध्वजारोहण, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को किया सम्मानित
दतिया में 71वां मध्यप्रदेश स्थापना दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। जिला स्तरीय समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सेवढ़ा विधायक श्री प्रदीप अग्रवाल ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी के अवलोकन के साथ हुआ। इसके उपरांत मुख्य अतिथि विधायक श्री प्रदीप अग्रवाल ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर पुलिस बल द्वारा बैंड की प्रस्तुति के साथ गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। तत्पश्चात शासकीय हाई स्कूल की छात्राओं ने मध्यप्रदेश गान की प्रस्तुति दी। मुख्य अतिथि द्वारा उपस्थितजनों को मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर संकल्प वाचन भी कराया गया।
मध्यप्रदेश विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है – विधायक श्री प्रदीप अग्रवाल
मुख्य अतिथि विधायक श्री प्रदीप अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि मध्यप्रदेश ने बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य एवं शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश निरंतर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
उन्होंने कहा कि सड़क एवं नदी जोड़ो जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं प्रदेश के विकास के साथ-साथ भविष्य की चुनौतियों के समाधान में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। संकट की परिस्थितियों में नदी जोड़ो परियोजना उपयोगी साबित हो सकती है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश को देश में श्रेष्ठ स्थान पर स्थापित करना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। प्रदेश का विकास सबके साथ और सबके प्रयास से ही संभव है। हम सभी के भीतर राष्ट्र प्रथम की भावना होनी चाहिए और इसी संकल्प के साथ प्रदेश की प्रगति में योगदान देना चाहिए।
विद्यार्थियों ने दीं आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
समारोह में विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। छात्राओं ने 'प्यारा मध्यप्रदेश' विषय पर आकर्षक प्रस्तुति दी। वहीं नशामुक्ति का संदेश देने वाले नाटक के माध्यम से सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया गया। उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना की।
विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को सम्मानित किया गया। हाई स्कूल बसई की छात्रा को मेधावी विद्यार्थी सम्मान के अंतर्गत एक लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया।
प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल करने वाली दतिया की 5, भांडेर की 2 एवं सेवढ़ा की 24 ग्राम पंचायतों को पुरस्कृत किया गया। निर्वाचन संबंधी दायित्वों के निर्वहन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों, पंचायत विभाग में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अभियंताओं तथा शिक्षा विभाग के शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाली छात्राओं को पुरस्कार प्रदान किए गए।
इसके साथ ही किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत जनवरी माह में आयोजित राज्यस्तरीय क्विज प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले किसानों को ट्रैक्टर, बुलेट एवं स्कूटी पुरस्कार के प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
विभिन्न विभागों ने लगाई कृषि एवं जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी
समारोह के दौरान कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा पराली एवं नरवाई प्रबंधन, जैविक एवं प्राकृतिक खेती तथा मोटे अनाज के महत्व पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई। पशुपालन एवं आत्मा विभाग द्वारा भी विभागीय योजनाओं एवं गतिविधियों की जानकारी देने वाली प्रदर्शनी लगाई गई। वहीं कृषि अभियांत्रिकी विभाग द्वारा आधुनिक कृषि यंत्रों की प्रदर्शनी के माध्यम से किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, कलेक्टर श्री स्वप्निल वानखड़े, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मंजीत सिंह, अपर कलेक्टर श्री भूपेन्द्र कुशवाह, जिला पंचायत सीईओ श्री शैलेन्द्र सिंह,अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
Dr Mohan Yadav
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#datia #CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #दतिया #MadhyaPradesh #मध्यप्रदेश_स्थापना_दिवस #MPFoundationDay
9 views | Datia, Madhya Pradesh | Nov 1, 2026