मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत ग्राम सरसई में जनकल्याण शिविर आयोजित
कलेक्टर ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर सरसई का किया निरीक्षण, नागरिकों की समस्याएं सुनकर अधिकारियों को दिए निराकरण के निर्देश
उद्यम संवाद में स्पर्श अग्रवाल को इलेक्ट्रॉनिक शोरूम की स्थापना हेतु 10 लाख रुपये का ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किया
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत ग्राम सरसई में जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्री स्वप्निल वानखड़े की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। शिविर में जनसुनवाई के माध्यम से आमजन की समस्याएं सुनी गईं तथा उनके निराकरण के लिए आवश्यक कार्यवाही की गई।
जनकल्याण शिविर के दौरान ग्राम सरसई के नागरिकों ने ग्राम पहुंच मार्ग एवं धमना-ससई मार्ग की मरम्मत तथा नाला निर्माण की समस्या कलेक्टर के समक्ष रखी। इस पर कलेक्टर श्री वानखड़े ने तत्काल लोक निर्माण विभाग के एसडीओ को दोनों कार्य शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से कराने के निर्देश दिए।
उद्यम संवाद में स्पर्श अग्रवाल को मिला 10 लाख रुपये का ऋण स्वीकृति पत्र
जनकल्याण शिविर के दौरान आयोजित उद्यम संवाद में स्पर्श अग्रवाल को मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के तहत इलेक्ट्रॉनिक शोरूम की स्थापना हेतु 10 लाख रुपये का ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया।
आयुष्मान आरोग्य मंदिर का किया निरीक्षण
कलेक्टर श्री स्वप्निल वानखड़े ने ग्राम पंचायत सरसई पहुंचकर आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने उपस्थित नर्सिंग स्टाफ, एएनएम एवं आशा कार्यकर्ता से संवाद कर आरोग्य मंदिर में प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में जानकारी ली।
विभिन्न विभागों ने लगाए योजनाओं के स्टॉल
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाए गए। इनके माध्यम से नागरिकों को योजनाओं की जानकारी प्रदान करने के साथ ही पात्र हितग्राहियों को लाभ प्राप्त करने के लिए मार्गदर्शन दिया गया।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री भूपेन्द्र सिंह कुशवाहा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शैलेन्द्र सिंह, एडीशनल एसपी श्री मंजीत सिंह चावला, एसडीएम भाण्डेर श्री बृजेन्द्र सिंह यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Dr Mohan Yadav
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#CMMadhyaPradesh #datia #JansamparkMP #दतिया
11 views | Datia, Madhya Pradesh | Oct 30, 2026