पराली एवं नरवाई जलाने की घटनाओं पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई
बिना SMS सिस्टम के संचालित चार हार्वेस्टर मशीनें जब्त
इंदरगढ़ के ग्राम लांच तिराहे पर संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
कलेक्टर श्री स्वप्निल वानखेड़े के निर्देशानुसार जिले में पराली एवं नरवाई जलाने की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से हार्वेस्टर मशीनों के संचालन पर सतत निगरानी रखी जा रही है।
इसी क्रम में इंदरगढ़ तहसील के ग्राम लांच तिराहे पर प्रशासन एवं संबंधित विभागों की संयुक्त टीम द्वारा हार्वेस्टर मशीनों के संचालन की जांच की गई। जांच के दौरान चार हार्वेस्टर मशीनों में निर्धारित स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम (SMS) उपलब्ध नहीं पाया गया। इस पर संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए चारों हार्वेस्टर मशीनों को जब्त कर थाना लांच की सुपुर्दगी में रखवाया।
फसल अवशेष प्रबंधन के लिए SMS सिस्टम जरूरी
फसल कटाई के दौरान खेतों में बचने वाले अवशेषों को जलाने से वायु प्रदूषण बढ़ता है तथा मिट्टी की उर्वरता एवं उसमें मौजूद लाभकारी सूक्ष्मजीवों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। हार्वेस्टर मशीनों में SMS सिस्टम फसल अवशेषों के उचित प्रबंधन में सहायक होता है, जिससे पराली एवं नरवाई जलाने की घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलती है।
जिला प्रशासन द्वारा जिले के सभी किसानों एवं हार्वेस्टर संचालकों से अपील की गई है कि फसल कटाई के दौरान निर्धारित SMS सिस्टम का उपयोग सुनिश्चित करें तथा शासन द्वारा जारी नियमों एवं दिशा-निर्देशों का पालन करें। किसान फसल अवशेषों को खेतों में जलाने के बजाय उनके उचित प्रबंधन के लिए वैकल्पिक उपाय अपनाएं।
जिला प्रशासन द्वारा पराली एवं नरवाई जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सतत निगरानी रखी जा रही है तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Dr Mohan Yadav
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Department of Agriculture, Madhya Pradesh
#datia #दतिया #CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #MadhyaPradesh