हमीरपुर में सड़क सुरक्षा पखवाड़ा : डीएम ने वाहन रैली को दिखाई हरी झंडी, लोगों को दिलाई यातायात नियमों की शपथ
**16 से 30 नवंबर तक चलेगा जागरूकता अभियान, हेलमेट और सीट बेल्ट लगाने के साथ सुरक्षित ड्राइविंग की अपील**
**हमीरपुर।** सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर से सड़क सुरक्षा जनजागरूकता वाहन रैली निकाली गई। जिलाधिकारी अशोक कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और दूसरों को भी जागरूक करने की शपथ दिलाई।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में 16 से 30 नवंबर तक सड़क सुरक्षा पखवाड़ा चलाया जाएगा। इसके तहत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों और गतिविधियों के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों तथा सुरक्षित वाहन संचालन के प्रति जागरूक किया जाएगा। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक कार्रवाई भी की जाएगी।
उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय चालक के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति को भी हेलमेट लगाना अनिवार्य है। चार पहिया वाहन में चालक और आगे बैठने वाले यात्री को सीट बेल्ट का प्रयोग करना चाहिए। वाहन निर्धारित लेन में चलाएं और गलत दिशा में वाहन चलाने से बचें।
डीएम ने नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने, यातायात संकेतों का पालन करने और वाहनों के बीच पर्याप्त दूरी बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि जल्दबाजी में ओवरटेक करना दुर्घटनाओं का कारण बन सकता है। इसलिए पर्याप्त जगह मिलने पर ही सुरक्षित तरीके से ओवरटेक करें।
उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। यातायात नियमों को अपनी आदत में शामिल करके स्वयं के साथ दूसरों का जीवन भी सुरक्षित रखा जा सकता है।
इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार वर्मा, एआरटीओ प्रवीण कुमार सिंह, डिप्टी कलेक्टर पैगाम हैदर सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
#Hamirpur #RoadSafety #TrafficAwareness #UPPolice #HamirpurTimesNews