### न्यायालयों में लंबित मामलों की प्रभावी पैरवी को लेकर एएसपी ने पैरोकारों के साथ की समीक्षा बैठक
**गवाहों की समय पर उपस्थिति और समन-वारंट के त्वरित अनुपालन के दिए निर्देश, महत्वपूर्ण मामलों की नियमित मॉनिटरिंग पर जोर**
**हमीरपुर।** पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में सोमवार को अपर पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार वर्मा ने जनपद के विभिन्न थानों एवं पुलिस कार्यालयों में तैनात न्यायालय पैरोकारों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में न्यायालयों में लंबित मामलों की प्रभावी पैरवी और विचाराधीन महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील प्रकरणों की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान एएसपी ने सभी पैरोकारों से उनके कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि पैरोकार अपने-अपने थानों और संबंधित विवेचकों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखें, ताकि न्यायालय द्वारा मांगे गए अभिलेख, साक्ष्य और अन्य जरूरी दस्तावेज समय से उपलब्ध कराए जा सकें।
उन्होंने कहा कि न्यायालयों में प्रभावी पैरवी करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारियों में शामिल है। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
एएसपी ने गवाहों की समय से न्यायालय में उपस्थिति सुनिश्चित कराने, न्यायालय से जारी समन, वारंट और अन्य आदेशों का निर्धारित समय में अनुपालन कराने के निर्देश दिए। साथ ही लंबित मामलों की नियमित निगरानी करने और प्रत्येक वाद की प्रगति का अभिलेखीकरण करने को कहा।
उन्होंने पैरोकारों को अभियोजन अधिकारियों और संबंधित विवेचकों के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए, जिससे न्यायालयों में लंबित मामलों की पैरवी प्रभावी ढंग से की जा सके।
#HamirpurPolice #Hamirpur #PoliceNews #UttarPradeshPolice #HamirpurTimesNews