पश्चिम चंपारण में पिता ने पड़ोसियों को फंसाने के लिए रची अपहरण की झूठी साजिश, 36 घंटे में पुलिस ने बच्चे को किया बरामद...
रामनगर थाना क्षेत्र के मठिया गांव से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पिता ने अपने ही पुत्र को घर से बाहर भेजकर पड़ोसियों को अपहरण के झूठे मुकदमे में फंसाने की साजिश रच डाली। हालांकि, पुलिस की तत्परता से महज 36 घंटे के भीतर पूरे मामले का पर्दाफाश हो गया और बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया गया। मिली जानकारी के अनुसार, पिता ने कथित तौर पर अपने पुत्र को साजिश के तहत घर से बाहर भेज दिया और इसके बाद पड़ोसियों के खिलाफ अपहरण का झूठा मुकदमा दर्ज करा दिया। इतना ही नहीं, पड़ोसियों की गिरफ्तारी करवाने के उद्देश्य से वह लगातार थाना और एसडीपीओ कार्यालय का चक्कर लगाता रहा। एक तरफ परिवार के लोग बच्चे से फोन पर लगातार संपर्क में थे, वहीं दूसरी तरफ पड़ोसियों को अपहरण के मामले में जेल भिजवाने की कोशिश की जा रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए रामनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने लगातार जांच और प्रयास के बाद 36 घंटे के अंदर बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद बच्चे के बयान ने पूरे मामले की सच्चाई सामने ला दी। बच्चे ने बताया कि उसका अपहरण नहीं हुआ था, बल्कि पिता के कहने पर ही वह घर से बाहर गया था और करीब दो दिनों तक घर से दूर रहा। इस दौरान वह लगातार अपने परिवार के संपर्क में भी था। रामनगर एसडीपीओ सत्येंद्र राम ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि घटना मठिया गांव की है। पुलिस ने साजिश का पर्दाफाश करते हुए बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया है। वहीं, पुलिस को गुमराह करने और निर्दोष पड़ोसियों को फंसाने की कथित साजिश को लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
#nonfollowersviewers #champaran24news #viralreelschallenge #CMSamrat #samratchoudhary #viralreelsfacebook
Bettiah, West Champaran | Nov 22, 2026