बेतिया में राज्यस्तरीय अंतर प्रमंडल सेपकटाकरा प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ, छह प्रमंडलों के खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम...
पश्चिम चंपारण जिला मुख्यालय बेतिया के खेल भवन-सह-व्यायामशाला भवन परिसर में राज्यस्तरीय अंतर प्रमंडल विद्यालय सेपकटाकरा प्रतियोगिता-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। खेल विभाग, बिहार सरकार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण एवं जिला प्रशासन पश्चिम चंपारण के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह दो दिवसीय प्रतियोगिता 19 एवं 20 नवंबर तक चलेगी। प्रतियोगिता का उद्घाटन जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से किया। उद्घाटन समारोह की शुरुआत छात्राओं की आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई। राज्य संपोषित कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया। वहीं राज्य इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने समूह नृत्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों से समारोह में चार चांद लगा दिए। इस अवसर पर जिलाधिकारी तरणजोत सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा है। खेल से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होने के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना और अनुशासन के साथ प्रतियोगिता में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की अपील की। प्रभारी खेल पदाधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग के बालक खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इसमें पटना, तिरहुत, सारण, पूर्णिया, मुंगेर एवं मगध प्रमंडल की टीमें शामिल हैं। खिलाड़ियों के रहने और भोजन की समुचित व्यवस्था की गई है। प्रतियोगिता के निष्पक्ष संचालन के लिए बिहार राज्य खेल प्राधिकरण की ओर से छह तकनीकी पदाधिकारी प्रतिनियुक्त किए गए हैं। गौरतलब है कि सेपकटाकरा में खिलाड़ी हाथों का इस्तेमाल किए बिना पैर, घुटने और सिर की मदद से गेंद को नेट के पार पहुंचाते हैं। इस खेल में फुर्ती, संतुलन और बेहतर तालमेल की अहम भूमिका होती है। प्रतियोगिता से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और राज्य स्तर पर पहचान बनाने का अवसर मिलेगा।
#champaran24news
Bettiah, West Champaran | Nov 19, 2026