अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर विधिक जागरूकता एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित
________________
वरिष्ठजनों को विधिक अधिकारों एवं निःशुल्क सहायता की दी जानकारी
________________
वृद्धाश्रम महेश्वर में वरिष्ठजनों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दिया आवश्यक परामर्श
________________
खरगोन 01 अक्टूबर 2026। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मण्डलेश्वर द्वारा वृद्धाश्रम महेश्वर में वरिष्ठजनों के लिए विधिक जागरूकता एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मण्डलेश्वर श्री अखिलेश जोशी के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम में न्यायाधीश एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सुश्री प्रीति जैन ने वरिष्ठजनों को उनके विधिक अधिकारों की जानकारी दी। उन्होंने वरिष्ठजनों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं के संबंध में विस्तृत चर्चा की। साथ ही माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम, 2007 के अंतर्गत उपचार एवं विशेष सुविधाओं सहित उनके अधिकारों की जानकारी दी।
जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री चन्द्रेश मण्डलोई ने वरिष्ठजनों को निःशुल्क विधिक सलाह एवं सहायता के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में बताते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की विधिक समस्या होने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अथवा तहसील विधिक सेवा समिति, महेश्वर के माध्यम से सहायता प्राप्त की जा सकती है।
शिविर के दौरान वरिष्ठजनों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण शिविर भी आयोजित किया गया। चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा वरिष्ठजनों के स्वास्थ्य की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया गया। उन्हें नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, संतुलित आहार एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संबंध में भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में लीगल एड डिफेंस अधिवक्ता श्रीमती निशा कौशल, पैरालीगल वालेंटियर श्रीमती अलका कुशवाह, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र महेश्वर से डॉ. विकास डोंगरे, फार्मासिस्ट श्री सर्वेष गुप्ता, आश्रम प्रभारी श्री जगदीश रंसौरे सहित आश्रम के वरिष्ठजन एवं स्टाफ उपस्थित रहा।
#JansamparkMP #khargone