शासकीय कन्या महाविद्यालय में जिला स्तरीय निबंध एवं भाषण प्रतियोगिता संपन्न
________________
छात्राओं ने अस्पृश्यता उन्मूलन एवं सामाजिक समरसता का दिया संदेश
________________
प्रतियोगिताओं के माध्यम से संवैधानिक मूल्यों और समानता के प्रति किया जागरूक
________________
खरगोन 01 अक्टूबर 2026। महात्मा गांधी जयंती के उपलक्ष्य में शासकीय कन्या महाविद्यालय, खरगोन में अस्पृश्यता निवारणार्थ सद्भावना शिविर के अंतर्गत जिला स्तरीय निबंध एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्राओं में अस्पृश्यता के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने, संवैधानिक मूल्यों के प्रति सम्मान विकसित करने तथा समाज में समानता, सद्भावना एवं सामाजिक समरसता की भावना को प्रोत्साहित करना था।
भाषण प्रतियोगिता का विषय “अस्पृश्यता समाज के लिए कलंक है” रखा गया। छात्राओं ने अस्पृश्यता को सामाजिक विकास में बाधक बताते हुए भेदभाव रहित समाज के निर्माण, समानता एवं मानवीय मूल्यों के महत्व पर विचार व्यक्त किए। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान कुमारी शिवानी भरत परसाई, बी.ए. द्वितीय वर्ष, शासकीय कन्या महाविद्यालय, खरगोन ने प्राप्त किया। द्वितीय स्थान कुमारी जया संपत ब्राह्मणे, बी.ए. द्वितीय वर्ष तथा तृतीय स्थान कुमारी वैष्णवी चौहान ने प्राप्त किया।
निबंध प्रतियोगिता का विषय “अस्पृश्यता उन्मूलन हेतु संवैधानिक प्रावधान एवं उनका व्यावहारिक जीवन में प्रभाव” रहा। छात्राओं ने निबंध के माध्यम से अस्पृश्यता उन्मूलन के लिए किए गए संवैधानिक प्रावधानों, उनके महत्व तथा दैनिक जीवन में समानता और सामाजिक न्याय की आवश्यकता पर विचार व्यक्त किए। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान कुमारी जया ब्राह्मणे, द्वितीय स्थान कुमारी शिवानी परसाई तथा तृतीय स्थान कुमारी ऋषिका कुमरावत ने प्राप्त किया।
अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रोफेसर प्रीति हाड़ा ने अस्पृश्यता उन्मूलन के लिए सामाजिक जागरूकता, संवैधानिक मूल्यों के पालन तथा युवाओं की सक्रिय भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने छात्राओं को समाज में व्याप्त भेदभाव को दूर करने तथा समानता एवं सद्भावना का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता में निर्णायक के रूप में प्रो. गोरेलाल डावर एवं प्रो. विजय वाकले उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. ममता गोयल ने किया तथा आभार प्रदर्शन डॉ. सेवंती डावर ने किया।
प्रतियोगिता में स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर जनजातीय कार्य विभाग, खरगोन द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा।
कार्यक्रम में महाविद्यालय का समस्त स्टाफ एवं छात्राएं उपस्थित रहीं। प्रतियोगिता के माध्यम से छात्राओं ने अस्पृश्यता उन्मूलन, सामाजिक समानता, संवैधानिक अधिकारों एवं मानवीय गरिमा के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम का समापन सामाजिक समरसता, सद्भावना एवं भेदभाव रहित समाज के निर्माण के संकल्प के साथ हुआ।
#JansamparkMP #khargone