*जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कायाकल्प योजना की समीक्षा बैठक आयोजित, कार्यों में तेजी लाने एवं लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश*
*दिनांक 07 नवम्बर 2026:-* जिलाधिकारी, भागलपुर श्रीमती अलंकृता पांडेय की अध्यक्षता में दिनांक 07 नवंबर 2026 को कायाकल्प योजना के अंतर्गत जिले में संचालित कार्यों की प्रगति एवं विभागवार उपलब्धियों की समीक्षा हेतु बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कायाकल्प योजना के तहत विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की अद्यतन स्थिति, तकनीकी एवं प्रशासनिक स्वीकृति, कार्यादेश, कार्य प्रगति तथा पूर्ण किए गए कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान भागलपुर जिले में कुल 09 विभागों के अंतर्गत 5,210 कार्यों को शामिल किया गया है।
इनमें 376 कार्य तकनीकी स्तर पर लंबित, 1,160 कार्य प्रशासनिक स्तर पर लंबित, 939 कार्य स्वीकृत एवं 1,495 कार्य प्रगति पर हैं। वहीं, 261 कार्य होल्ड पर हैं तथा 969 कार्य अस्वीकृत श्रेणी में दर्ज हैं।
विभागवार समीक्षा में शिक्षा विभाग के अंतर्गत सर्वाधिक 2,633 कार्य, पंचायती राज विभाग के अंतर्गत 1,271 कार्य, स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत 425 कार्य तथा समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत 331 कार्य शामिल हैं। इसके अतिरिक्त ग्रामीण विकास, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण, शहरी विकास एवं कल्याण विभागों के कार्यों की भी समीक्षा की गई।
बैठक में प्रखंडवार कार्य प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिले के सभी 16 प्रखंडों में संचालित कायाकल्प योजना के कार्यों की स्थिति पर चर्चा की गई।
इस क्रम में गोराडीह एवं शाहकुंड प्रखंड की विभागवार प्रगति की भी समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, लंबित तकनीकी एवं प्रशासनिक स्वीकृति से संबंधित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने तथा स्वीकृत योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कायाकल्प योजना के तहत निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए कार्यों की नियमित निगरानी एवं प्रगति की सतत समीक्षा पर विशेष बल दिया, ताकि योजनाओं का लाभ आम लोगों तक प्रभावी रूप से पहुंच सके।
जिला जन-सम्पर्क कार्यालय,
भागलपुर
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Bhagalpur, Bihar | Nov 7, 2026