*दीपावली, काली पूजा एवं छठ महापर्व को लेकर विधि-व्यवस्था एवं आवश्यक तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित, शांति समिति के सदस्यों के साथ पर्वों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने पर हुई चर्चा*
*दिनांक 07 नवम्बर 2026:-* आगामी दीपावली, काली पूजा एवं छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से समाहरणालय स्थित समीक्षा भवन में जिलाधिकारी, भागलपुर श्रीमती अलंकृता पांडेय एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रमोद कुमार यादव की अध्यक्षता में विधि-व्यवस्था एवं आवश्यक तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में आगामी पर्व-त्योहारों के मद्देनजर जिले में विधि-व्यवस्था संधारण, सुरक्षा व्यवस्था, संवेदनशील स्थलों की पहचान, पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति, यातायात प्रबंधन एवं अन्य आवश्यक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान शांति समिति के सदस्यों के साथ आपसी समन्वय एवं सहयोग के माध्यम से सभी पर्वों को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने पर विशेष जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि दीपावली एवं काली पूजा के दौरान सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। पूजा पंडालों एवं भीड़भाड़ वाले स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। अग्निशमन व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा यातायात प्रबंधन को लेकर संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। छठ महापर्व के मद्देनजर घाटों की साफ-सफाई, पहुंच पथों की व्यवस्था, पर्याप्त रोशनी, बैरिकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था एवं आपातकालीन सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी विशेष बल दिया गया। साथ ही सभी संबंधित पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर तैयारियों का जायजा लेने तथा आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने पर्व-त्योहारों के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पदाधिकारियों को सतर्क एवं सक्रिय रहने की आवश्यकता पर बल दिया।
उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने, असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने तथा अफवाहों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही।
बैठक में शांति समिति के सदस्यों से भी अपील की गई कि वे सामाजिक सौहार्द एवं आपसी भाईचारे का वातावरण बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें तथा किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना अथवा अफवाहों पर ध्यान न दें।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे दीपावली, काली पूजा एवं छठ महापर्व को आपसी प्रेम, भाईचारे एवं सद्भाव के साथ मनाएं तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
जिला जन-सम्पर्क कार्यालय,
भागलपुर
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
#CMSamrat
#samratchoudhary
4 views | Bhagalpur, Bihar | Nov 7, 2026