हरदुआ केवलारी में रंजरा मार्ग पर गौवंश ले जाने के शक में मवेशी ले जा रहे तीन युवकों से मारपीट, दो गंभीर हालत में जबलपुर रेफर
रास्ता रोककर लाठी-डंडों से पीटने का आरोप, घायलों के बयान के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
दमोह जिले के हिंडोरिया थाना क्षेत्र के हरदुआ केवलारी के पास सोमवार को पिकअप में मवेशी लेकर जा रहे तीन युवकों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना में घायल तीनों युवकों को अस्पताल पहुंचाया गया। दो की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जबलपुर रेफर किया गया है।
घटना के सम्बन्ध में कसाई मंडी निवासी घायल हसन कुरैशी ने सोमवार रात करीब 11 बजे जिला अस्पताल में उपचार के दौरान जानकारी देते हुए बताया कि वह आवेद कुरैशी और हुसैन खान के साथ हिंडोरिया से सागर की शासकीय गौशाला के लिए पिकअप में बुकिंग करके भैंसे लेकर जा रहे थे। इसी दौरान हरदुआ केवलारी के पास रंजरा मार्ग कर गौसेवकों ने मुखबिर से सूचना मिलने पर उनका रास्ता रोका और लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। वाहन नहीं रोकने पर जबरन पत्थरों से हमला कर वाहन बीच रास्ते में खड़ा कर मारपीट शुरू कर दी।
हसन का आरोप है कि उन्होंने मवेशियों को ले जाने की अनुमति संबंधी दस्तावेज भी दिखाए, लेकिन इसके बावजूद उनके साथ मारपीट की गई। घायलों को पहले हिंडोरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल लाया गया। यहां से हुसैन कुरैशी और आवेद कुरैशी को जबलपुर रेफर किया गया, जबकि हसन का हिंडोरिया स्वास्थ्य केंद्र में उपचार जारी है।
घटना के बाद घायलों के परिजन भी जिला अस्पताल पहुंच गए। जिनमें भारी आक्रोश व्याप्त है। सूचना पर कोतवाली टीआई मनीष कुमार भी पुलिस बल के साथ जिला अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज कर मामले की जांच और दोषियों को चिन्हित कर अग्रिम कार्यवाही शुरू कर दी है।
Damoh, Damoh | Oct 29, 2026