बंगाल की खाड़ी में गहरा निम्न दबाव का क्षेत्र बनने से झारखंड में पिछले 96 घंटे से रुक-रुक कर लगातार बारिश हो रही है। इससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। कई जगह पेड़ और पोल गिरने से बिजली आपूर्ति व्यवस्था चरमरा गई है। वहीं रांची समेत कई जिलों में शनिवार को स्कूल बंद रखने का फैसला लिया गया है। मौसम विभाग के अनुसार आज दोपहर से हल्की राहत मिलने और कल से मौसम साफ होने का अनुमान है। हालांकि मौसम विभाग की ओर से शनिवार को पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार साइक्लोनिक सर्कुलेशन के उत्तरी छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश की सीमा के पास केंद्रित रहने के कारण झारखंड पर व्यापक प्रभाव पड़ा है। मौसम विभाग के अनुसार 27 सितंबर से मौसम साफ होने से लोगों के राहत मिलेगी। हालांकि शनिवार को भी कई हिस्सों में तेज हवा और बारिश का असर देखने को मिलेगा।
Korba, Korba | Sep 26, 2026