पश्चिम चंपारण जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मझौलिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बोलेरो से 1 क्विंटल 24 किलो 600 ग्राम गांजा बरामद किया है। इस दौरान दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि बाइक सवार दो अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए। यह कार्रवाई वरीय पुलिस अधीक्षक कुमार गौतम के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के दौरान की गई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि महना मुख्य सड़क के रास्ते भारी मात्रा में गांजे की खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष अमर कुमार के नेतृत्व में चेईलाभार के पास वाहन जांच और छापेमारी अभियान चलाया गया। जांच के दौरान एक संदिग्ध बोलेरो को रोककर तलाशी लेने पर उसमें बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक कुमार और अनुज कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला कि गांजे की खेप रक्सौल से लाकर लोहियरिया पहुंचाई जानी थी। पुलिस ने बोलेरो को जब्त कर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। फरार तस्करों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही पुलिस तस्करी गिरोह के अन्य सदस्यों और इसके नेटवर्क की भी गहन जांच कर रही है।
#champaran24news #districtpolicewestchamparan #viralreelschallenge #districtadministrationwestchamparan #CMBihar #viralvideochallenge #BettiahNews #BreakingNews