नवीनगर में ट्रक ने युवक को कुचला, मौके पर मौत; परिजनों में कोहराम
औरंगाबाद जिला के नवीनगर थाना क्षेत्र के नवीनगर रोड रेलवे फाटक के पास राख लदे ट्रक ने 30 वर्षीय गौतम कुमार सोनू को कुचल दिया, जिससे मौके पर मौत हो गई। मृतक पीएचडी कॉलोनी निवासी स्व. ललन सिंह का पुत्र था।
शुक्रवार रात करीब 8 बजे खेत से लौटते वक्त वह सड़क किनारे खड़ा था, तभी एनटीपीसी की ओर से आ रहे ट्रक ने कुचल दिया। चालक फरार हो गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम की, जिसे एसडीओ और पुलिस ने समझा कर हटवाया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंपा और ट्रक जब्त कर लिया।
नवीनगर रोड स्टेशन के समीप तेतरिया मुख्य पथ स्थित रेलवे फाटक के पास दर्दनाक सड़क हादसे में 30 वर्षीय गौतम कुमार सोनू की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक नवीनगर स्टेशन पीएचडी कॉलोनी निवासी स्व. ललन सिंह का पुत्र था।
ग्रामीणों के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 8 बजे सोनू अपने खेत से घर लौट रहा था और फाटक के समीप सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान एनटीपीसी की ओर से राख लदा एक अनियंत्रित ट्रक ने उसे कुचल दिया। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया।
ग्रामीणों की मदद से उसे रेफरल अस्पताल नवीनगर लाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने रात में ही नवीनगर-तेतरिया मुख्य पथ को जाम कर दिया। सूचना पर एसडीओ गौरव कुमार सिंह और थाना पुलिस मौके पर पहुंची और समझा-बुझाकर जाम हटवाया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। मृतक दो भाइयों में सबसे बड़ा और परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था। पुलिस ने ट्रक जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।