समाधान शिविर में प्राप्त शिकायतों का यथा शीघ्र करें निपटान- सुमन बहमनी
प्रत्येक सोमवार व वीरवार को प्रात: 10 से 12 बजे तक समाधान शिविर आयोजित
यमुनानगर, 24 सितम्बर- (राष्ट्रीय कदम) ब्यूरो: यमुनानगर की महापौर सुमन बहमनी ने कहा कि समाधान शिविर में अपनी समस्याओं को लेकर आने वाले प्रत्येक प्रार्थी की समस्याओं को मौके पर ही निपटान करने का भरसक प्रयास रहे, यदि कोई समस्या का समाधान दस्तावेजों या अन्य जांच पर आधारित है तब भी उसका समयबद्ध होकर जल्द निपटान करवाना सुनिश्चित करें।
महापौर ने कहा कि प्रदेश सरकार के आदेशानुसार आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के उद्देश्य से आयोजित किए जा रहे समाधान शिविर में अब बदलाव किया गया है। अब ये शिविर सप्ताह में दो दिन सोमवार व वीरवार सुबह 10 से 12 बजे तक आयोजित किए जा रहे हैं। पूर्व की भांति जिला व उपमंडल दोनों स्तरों पर शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
महापौर सुमन बहमनी की अध्यक्षता में जिला सचिवालय के सभागार में आयोजित समाधान शिविर में 4 शिकायतें प्राप्त हुई जिसमें नजमा गांव सवाबड़ी माजरी व्यासपुर ने डीनोटिफाई का लाभ देने, बलजीत कौर गुलाब नगर निवासी ने प्रॉपर्टी आईडी ठीक करवाने, रामकुमार रूप नगर कॉलोनी ने प्रॉपर्टी आईडी ठीक करवाने, मांगाराम पावनी कलां ने मेरी फसल मेरा ब्यौरा में फसल दर्ज करवाने बारे समस्याएं रखी।
इस अवसर पर सीटीएम पीयूष गुप्ता, जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी डॉ मनोज कुमार,उपायुक्त कार्यालय के अधीक्षक अनूप कुमार, समाधान शिविर के विशेष सदस्य खरैती लाल बतरा, जगदीश बब्बर, नीरज गुप्ता, सुरेन्द्र शर्मा व अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।