हस्तनिर्मित कला और क्ले से छात्राओं ने गढ़ी रचनात्मकता की नई तस्वीर
यमुनानगर। (राष्ट्रीय कदम) ब्यूरो: डीएवी गर्ल्स कॉलेज के गृह विज्ञान विभाग, आईआईसी, इन्क्यूबेशन, कौशल विकास एवं रोजगार सृजन प्रकोष्ठ तथा राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई की ओर से तीन दिवसीय आर्ट इन एक्शन कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें पिडिलाइट अंबाला की कला विशेषज्ञ रश्मि मलिक ने छात्राओं को हस्तनिर्मित कला और क्ले मॉडलिंग कला की विभिन्न तकनीकों का प्रशिक्षण दिया।
कॉलेज की कार्यवाहक प्राचार्या एवं आईआईसी प्रेसिडेंट डॉ. सुरिंदर कौर, आईआईसी कनवीनर विवेक, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी पारुल सिंह व कनिका गोयल तथा कौशल विकास एवं रोजगार सृजन प्रकोष्ठ की संयोजक डॉ. नताशा बजाज के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यशाला में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
डॉ. सुरिंदर कौर ने कहा कि कार्यशाला ने छात्राओं की रचनात्मक सोच को नई दिशा देने के साथ उनके व्यावहारिक कौशल को भी निखारा। हस्तनिर्मित कला, क्ले मॉडलिंग कला और अनुपयोगी सामग्री से कलाकृतियां तैयार करते हुए छात्राओं ने कल्पनाशीलता, धैर्य और हुनर का प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि रचनात्मक कौशल को केवल कला तक सीमित रखने के बजाय उसे स्वरोजगार और आय के अवसरों से भी जोड़ा जा सकता है। इससे छात्राओं में आत्मविश्वास, नवाचार और उद्यमिता की भावना मजबूत हुई।
कार्यशाला के दौरान छात्राओं ने हस्तनिर्मित कला से आकर्षक सजावटी वस्तुएं तैयार कीं। इसके साथ ही क्ले से आभूषण तथा अनुपयोगी सामग्री से उपयोगी व सुंदर कलाकृतियां बनाने का प्रशिक्षण लिया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. परमेश कुमार, मीनल, मानसी और रूपल ने सहयोग दिया।