गणपति विसर्जन से पहले निगम ने चमकाए यमुना नहर के घाट
निगम ने विशेष सफाई अभियान चलाकर नहर के किनारों व आसपास के क्षेत्रों की सफाई की
यमुनानगर। (राष्ट्रीय कदम) ब्यूरो: गणपति विसर्जन को लेकर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं को विसर्जन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए निगम की ओर से पश्चिमी यमुना नहर के किनारों और आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। मेयर सुमन बहमनी व निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद के निर्देशों पर निगम की सफाई टीमों ने विभिन्न घाटों और विसर्जन स्थलों की सफाई कर व्यवस्था को बेहतर बनाया।
मुख्य सफाई निरीक्षक गोविंद शर्मा व मुख्य सफाई निरीक्षक हरजीत सिंह के नेतृत्व में सफाई निरीक्षक बिट्टू सिंह, अजीत कुमार, सतबीर सिंह, पंकज व की देखरेख में सफाई टीमों ने पश्चिमी यमुना नहर के पुराना हमीदा हैड, रेलवे पुल के पास, बाड़ी माजरा पुल, यमुना गली, घाट, चिट्टा मंदिर घाट, बूड़िया घाट, दड़वा घाट समेत विभिन्न स्थानों पर सफाई अभियान चलाया। इस दौरान नहर किनारे जमा कचरे, गंदगी व अन्य अपशिष्ट को हटाकर क्षेत्र को साफ किया गया। मुख्य सफाई निरीक्षक गोविंद शर्मा ने बताया कि गणपति विसर्जन के दौरान इन स्थलों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचते है। इसे देखते हुए निगम ने पहले ही सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्णय लिया, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण और बेहतर सुविधाएं मिल सकें। मेयर सुमन बहमनी ने कहा कि धार्मिक आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध करवाना नगर निगम की प्राथमिकता है। गणपति विसर्जन को लेकर सभी प्रमुख स्थानों पर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि विसर्जन तक संबंधित क्षेत्रों में नियमित सफाई रखी जाए और कहीं भी कचरा जमा न होने दिया जाए। निगम की टीमें प्रमुख घाटों पर सफाई व्यवस्था की निगरानी भी करेंगी।