अग्रसेन जयंती के उपलक्ष्य में अग्रवाल वैश्य समाज ने अपना घर आश्रम में किया भोजन प्रसादी का वितरण
भिवानी। (राष्ट्रीय कदम) ब्यूरो: महाराजा अग्रसेन जी केवल अग्रवाल समाज के ही नहीं, बल्कि पूरी मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनका जीवन हमें समानता, भाईचारे, सेवा, सहयोग और परोपकार का संदेश देता है। ये उद्गार अग्रसेन जयंती महोत्सव के उपलक्ष्य में अग्रवाल वैश्य समाज की ओर से अपना घर आश्रम में प्रभुओं के लिए भोजन प्रसादी का वितरण कार्यक्रम के दौरान कहे। इस मौके पर समाज के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अपना घर आश्रम में रहने वाले लोगों को भोजन प्रसादी वितरित की और उनके साथ समय बिताया। प्रभुओं को भोजन करवाने के उपरांत आयोजित समारोह में बुवानीवाला ने कहा कि महाराजा अग्रसेन जी ने समाज के प्रत्येक व्यक्ति को साथ लेकर चलने और जरूरतमंद की सहायता करने की जो परंपरा स्थापित की, वह आज भी उतनी ही प्रासंगिक है। अग्रसेन जयंती के अवसर पर अपना घर आश्रम में भोजन प्रसादी का वितरण करना हमारे लिए केवल एक सामाजिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि महाराजा अग्रसेन जी के सेवा एवं मानव कल्याण के सिद्धांतों को व्यवहार में उतारने का प्रयास है। समाज के सक्षम लोगों का दायित्व है कि वे जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आएं और समाज में सेवा एवं सहयोग की भावना को मजबूत करें। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य केवल पर्व और जयंती मनाना नहीं, बल्कि इन अवसरों को समाजसेवा से जोडक़र महाराजा अग्रसेन जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने समाज के सभी लोगों से आह्वान किया कि वे आपसी सहयोग, एकजुटता और सेवा भावना के साथ आगे बढ़ें तथा समाज एवं राष्ट्र के निर्माण में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाएं। इस अवसर पर अग्रवाल वैश्य समाज भिवानी के विधानसभा अध्यक्ष सतीश वैद्य एवं अग्रवाल सभा भिवानी के प्रधान सुनील सर्राफ ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष नरेश केडिया एवं जिला महामंत्री दीपक बंसल, जेजेपी नेता प्रदीप गोयल तथा विश्व हिंदू परिषद के अध्यक्ष श्री प्रदीप लेग्या सहित समाज के अनेक गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।