डीडवाना-कुचामन: नवरात्रि में महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट, जिलेभर में शुरू हुआ ‘शक्ति सुरक्षा अभियान’
गरबा-डांडिया स्थलों, प्रमुख बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर रहेगी विशेष निगरानी
कालिका पेट्रोलिंग टीमें तैनात, सादे वस्त्रों में भी मुस्तैद रहेगी पुलिस
डीडवाना।शारदीय नवरात्रि पर्व के दौरान महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए डीडवाना-कुचामन जिला पुलिस पूरी तरह मुस्तैद हो गई है। पुलिस मुख्यालय राजस्थान के निर्देशानुसार जिले में ‘शक्ति सुरक्षा अभियान’ का आगाज कर दिया गया है। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारेलाल शिवरान के निर्देशन में गरबा-डांडिया पंडालों, प्रमुख बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं, ताकि महिलाएं और बालिकाएं बिना किसी भय के पर्व का आनंद ले सकें।अभियान के तहत संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों को चिह्नित कर पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था के लिए कालिका पेट्रोलिंग टीमों और महिला पुलिसकर्मियों की विशेष तैनाती की गई है। इसके अलावा, मनचलों और शोहदों पर नकेल कसने के लिए पुलिसकर्मी सादे वस्त्रों में भी तैनात रहेंगे, जो किसी भी प्रकार की अभद्र गतिविधि या छेड़छाड़ पर सख्त कानूनी कार्रवाई करेंगे। आवश्यकतानुसार डिकॉय ऑपरेशन भी चलाए जाएंगे।प्रमुख गरबा और धार्मिक आयोजनों में 'महिला हेल्प डेस्क' स्थापित की जा रही है। आयोजन स्थलों पर पुलिस हेल्पलाइन नंबर, राजकॉप ऐप और अन्य संपर्क माध्यमों की जानकारी देने वाले पोस्टर व क्यूआर कोड लगाए जा रहे हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर महिलाएं तुरंत मदद ले सकें पुलिस प्रशासन ने बड़े गरबा आयोजकों के साथ समन्वय स्थापित कर सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, प्रवेश-निकास द्वारों और पार्किंग स्थलों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। इस अभियान को जन-आंदोलन बनाने के लिए 'सुरक्षा सखियों', युवा सामुदायिक समन्वय समूह के सदस्यों और स्थानीय नागरिकों का भी सहयोग लिया जा रहा है।जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारेलाल शिवरान ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे नवरात्रि पर्व को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और आपसी सौहार्द के साथ मनाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा जिला पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या समस्या दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।
Didwana, Nagaur | Oct 11, 2026