पंचायती राज आम चुनाव 2026: पंचायत समिति में प्रत्याशी प्रबोधन कार्यशाला आयोजित
नामांकन प्रक्रिया और दस्तावेजों की कमियों से निरस्त होने की स्थितियों से कराया अवगत
डीडवाना।राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान, जयपुर द्वारा जारी निर्देशों की अनुपालना में पंचायती राज आम चुनाव 2026 के तहत शनिवार को पंचायत समिति स्तर पर एक दिवसीय 'प्रत्याशी प्रबोधन कार्यक्रम' का आयोजन किया गया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य चुनाव लड़ने के इच्छुक अभ्यर्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया की बारीकियों से अवगत कराना था, ताकि वे पूर्ण सतर्कता के साथ अपना नामांकन पत्र दाखिल कर सकें।कार्यशाला के दौरान मुख्य वक्ता एवं रिटर्निंग अधिकारी राजवीर सिंह यादव ने उपस्थित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों तथा संभावित प्रत्याशियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्याशी नामांकन पत्र भरते समय नियमों का पूरी तरह से पालन करें। उन्होंने नामांकन प्रक्रिया, अभ्यर्थी की पात्रता व योग्यता, आवश्यक दस्तावेज और फॉर्म भरते समय बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में बिंदुवार जानकारी दी। साथ ही, उन्होंने उन परिस्थितियों पर विशेष प्रकाश डाला जिनकी वजह से नामांकन पत्र निरस्त होने का जोखिम रहता है।आयोजन में निर्वाचन विभाग के दक्ष प्रशिक्षकों ने प्रत्याशियों को शपथ पत्र, हलफनामे और अन्य संलग्न दस्तावेजों को त्रुटिरहित तैयार करने के तकनीकी गुर सिखाए, ताकि बाद में किसी भी प्रकार की वैधानिक आपत्ति का सामना न करना पड़े।कार्यशाला में सहायक रिटर्निंग अधिकारी सुभाष मीणा, निर्वाचन शाखा से जुल्फिकार अली व जितेंद्र स्वामी उपस्थित रहे। इसके अलावा दक्ष प्रशिक्षक (मास्टर ट्रेनर्स) पंकज स्वामी, भगवत सिंह, श्रीकृष्ण मिर्धा एवं किशन लाल स्वामी ने प्रबोधन सत्र का संचालन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में संभावित प्रत्याशी और राजनीतिक दलों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Didwana, Nagaur | Oct 10, 2026