महापंचायत के तीन दिन बाद उरलाना कलां में सीएम फ्लाइंग की रेड, मिठाई के 11 सैंपल लिए
नकली मावा-मिठाई बनाए जाने की शिकायतों के बाद चार प्रतिष्ठानों पर जांच, लैब रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
मतलौडा:-
उरलाना कलां में कथित नकली मावा और मिठाई बनाए जाने की शिकायतों के बीच बुधवार को सीएम फ्लाइंग और फूड सेफ्टी विभाग की संयुक्त टीम ने चार प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। टीम ने अलग-अलग खाद्य पदार्थों के 11 सैंपल लिए। सभी सैंपल जांच के लिए लैब भेजे जाएंगे। रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
टीम ने सरदार डेयरी से छह, कश्यप मिल्क डेयरी से दो, खालसा ट्रेडर्स से एक और श्री श्याम स्वीट्स से दो सैंपल लिए। इनमें मावा बर्फी, डोडा बर्फी, पतीसा, मिल्क केक, कलाकंद और मावा शामिल हैं। फूड सेफ्टी आफिसर विक्रम ने बताया कि त्योहारों का सीजन शुरू होने वाला है। खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए विभाग की ओर से लगातार जांच की जा रही है। उरलाना कलां से कथित नकली मिठाई तैयार किए जाने की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद सीएम फ्लाइंग के साथ संयुक्त कार्रवाई की गई। सैंपलों की रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई होगी।
13 सितंबर को हुई थी महापंचायत:-
इस कार्रवाई से पहले रविवार, 13 सितंबर को उरलाना कलां के महता चौक स्थित गुरुद्वारा साहिब में ग्रामीणों और पशुपालकों ने महापंचायत की थी। ग्रामीणों ने गांव में नकली दूध, मावा, पनीर और अन्य मिलावटी उत्पाद तैयार किए जाने की शिकायत उठाई थी। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।
महापंचायत में ग्रामीणों ने प्रशासन से कार्रवाई की मांग करते हुए मंगलवार, 22 सितंबर को डीसी कार्यालय में ज्ञापन सौंपने और प्रदर्शन करने का निर्णय लिया था। इससे पहले ही गांव में संयुक्त टीम की छापेमारी हो गई। अब लिए गए 11 सैंपलों की जांच रिपोर्ट से स्पष्ट होगा कि संबंधित खाद्य पदार्थ निर्धारित मानकों पर खरे उतरते हैं या नहीं।
Israna, Panipat | Sep 17, 2026