अदियाना में गांजा बेचने का वीडियो वायरल, बाइक सवार युवकों ने स्टिंग कर खरीदने का किया दावा
मतलौडा।
थाना मतलौडा क्षेत्र के गांव अदियाना में गांजा बेचने का दावा करने वाला एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दो युवक बाइक पर गांव की संकरी गलियों से होते हुए एक घर के बाहर पहुंचते दिखाई दे रहे हैं। दोनों युवकों ने कथित तौर पर पहले से वीडियो बनानी शुरू कर रखी है। वीडियो में एक युवक गांजा खरीदने के लिए घर से बाहर आए युवक से बातचीत करता नजर आ रहा है, जबकि दूसरा पूरे घटनाक्रम को कैमरे में रिकॉर्ड करता है।
वीडियो में दिखाई देता है कि बाइक की आवाज सुनकर घर के बाहर खड़ा एक युवक वापस अंदर चला जाता है। वहीं, गेट पर मौजूद एक बुजुर्ग व्यक्ति बाइक सवार युवकों से बातचीत करते हुए कहता सुनाई देता है कि बाइक की आवाज सुनकर ही वह युवक अंदर चला गया। इसके बाद बाइक सवार युवक घर के बाहर से 'काली' नाम लेकर आवाज लगाता है। आवाज सुनने के बाद वही युवक दोबारा बाहर आता है।
500 रुपये देकर दो पुड़िया मंगाई, फिर तीन पुड़िया खरीदी
वायरल वीडियो में बाइक सवार युवक कथित तौर पर 'काली' से गांजा खरीदने की बात करता है। वह उसे 500 रुपये देता है और दो पुड़िया लाने के लिए कहता है। इसके बाद युवक अंदर जाता है और दो पुड़िया लेकर बाहर आता है। पुड़िया देने के बाद वह 300 रुपये वापस कर देता है। इसके बाद बाइक सवार युवक उससे बातचीत करते हुए माल अच्छा होने की बात कहता है और दोबारा 300 रुपये देकर तीन पुड़िया लाने के लिए कहता है। युवक फिर अंदर जाता है और तीन पुड़िया लेकर बाहर आता दिखाई देता है।
वीडियो में बाइक सवार युवक कथित तौर पर 100 रुपये की पुड़िया में कम माल होने की बात कहते हुए कुछ ज्यादा माल डालने के लिए कहता है। इस पर 'काली' जवाब देता सुनाई देता है कि इतना ही होता है। इसी दौरान वहां मौजूद बुजुर्ग व्यक्ति भी 50 रुपये देकर गांजे की छोटी पुड़िया खरीदने की बात करता दिखाई देता है।
बुजुर्ग ने कही कई लोगों के आने की बात
वीडियो में बुजुर्ग व्यक्ति बाइक सवार युवकों से बातचीत के दौरान यह भी कहता सुनाई देता है कि कई बार ऐसे लोग उसके पास आते हैं, जो उसे 10 से 20 हजार रुपये देने का लालच देकर इस युवक को पकड़वाने की बात करते हैं। बुजुर्ग कथित तौर पर कहता है कि वह गांव के ही किसी व्यक्ति को पकड़वाने का काम नहीं करेगा। इसी बातचीत के दौरान वह युवक के पास अच्छा 'माल' मिलने की बात भी कहता सुनाई देता है।
पुलिस बोली- वीडियो की जानकारी मिली, जल्द होगी कार्रवाई
वायरल वीडियो के संबंध में थाना मतलौडा प्रभारी सब इंस्पेक्टर राजेश कुमार से बात की गई। उन्होंने बताया कि उन्हें भी वीडियो के बारे में जानकारी मिली है। मामले की जानकारी जुटाई जा रही है और जल्द ही बड़ी कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि जोश ए हरियाणा न्यूज इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता। इसमें किए गए दावों और उसमें दिखाई दे रहे घटनाक्रम की स्वतंत्र पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
Israna, Panipat | Sep 16, 2026